जोधपुर |बासनी इंडस्ट्रियल एरिया के द्वितीय चरण में स्थित एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात आग लग गई। इस दौरान फैक्ट्री के श्रमिक परिसर में ही बने कमरे में सो रहे थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक भी नहीं लगी। पास की फैक्ट्री से किसी ने दमकल को सूचना दी, तो कुछ ही देर में दमकलकर्मी वहां पहुंचे और दीवार फांदकर आग बुझाई। बासनी फायर स्टेशन प्रभारी बंशीदास वैष्णव ने बताया कि बासनी सैकंड फेस स्थित पूर्वा हॉस्पिटल के पास शिवसिंह पुत्र लखसिंह की हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री रामदेव आर्ट है। शुक्रवार देर रात करीब सवा बारह बजे रामदेव आर्ट में आग लगने की सूचना मिली। इस पर वैष्णव के साथ फायरमैन देवेंद्रसिंह, महेंद्र कुमार, रामनरेश, ओमप्रकाश व पूरणमल की टीम मौके पर पहुंची। यहां फैक्ट्री का मुख्य दरवाजा भीतर से बंद था और कई बार आवाज देने के बाद भी नहीं खुला। इस पर दमकलकर्मी इसकी दीवार पर चढ़े और वहीं से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। साथ ही भीतर बने कमरे में कूलर चलाकर सो रहे स्टाफ को भी जगाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक पड़ताल में आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगना बताया जा रहा है।