घंटियाली | रोहिणा ग्राम पंचायत के लालूराम पुत्र जीवणराम कुम्हार के रहवासी ढाणी में आग लग गई। आग की चपेट में दो झोपड़े व उसमें रखा घरेलू सामान व पास में बने पशु चारा के बाड़े में भी आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। आग के धुएं को देखकर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण एकत्रित हो गए। ढाणी से मात्र दो सौ मीटर दूर जीएलआर है। जहां केलनसर से पाइपलाइन से पानी आता है। लेकिन पीएचईडी विभाग के लापरवाही से पानी नहीं आने के कारण घर पर बने कुएं में भी पानी नहीं होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। वहीं रोहिणा क्षेत्र में दमकल जोधपुर मुख्यालय 130 किमी दूर है। क्षेत्र के तुलछाराम मेघवाल ने बताया कि 500 घरो में पानी की किल्लत बनी हुई है। आकस्मिक स्थिति में भी 30 किमी तक पानी नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि 29 मई को आयोजित होने वाले न्याय आपके द्वार कार्यक्रम का विरोध प्रदर्शन करेंगे। पानी की समस्या हल होने के बाद ही अधिकारियों को शिविर में आने देंगे।
फायरब्रिगेड को काॅल नहींं लगी तो 7 किमी. दूर जाकर दमकल बुलाई, देरी होने से खाक हुई घास व लकड़ियां
बिलाड़ा | फायर सर्विस नंबर 101 पर कॉल नही लगने पर किसान बाइक लेकर 7 किमी दूर स्थित दमकल कार्यालय पहुंचा तब तक आग से वहां पड़ी घास, लकड़ियां जलकर राख हो गई। दमकल के आने से पहले लोगों ने बाल्टियां भरकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग नहीं बुझी। शनिवार को शाम करीब चार बजे क्षेत्र के कृषि फार्म बेरा राठौड़ों का उगणिया में बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से पास पड़ी घास व लकड़ियों में आग लग है। ग्रामीणों को पता लगा तो उन्होंने 101 पर कॉल कर दमकल बुलाने का प्रयास किया, लेकिन बीस मिनट तक कॉल नहीं लग पाई। किसान बाबूलाल सीरवी ने बताया कि वह बाइक लेकर दमकल ऑफिस पहुंचा। 7 किमी का फासला तय करने में 20 मिनट से अधिक समय लग गया। सूचना के बाद जब दमकल पहुंची तब तक वहां पड़ा चारा व लकड़ियां जल गई। क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी क्षेत्र में कई बार आग लगने की घटनाएं हुई लेकिन आज तक एक बार भी 101 नंबर पर कॉल नहीं मिली। इस मामले में बीएसएनएल कार्यालय अधीक्षक बीआर डूडी ने बताया कि बीएसएनएल के बेसिक फोन व मोबाइल से तो कॉल लग जाती है।