जोधपुर | ईस्टर्न फाउंडेशन फॉर आर्ट एंड कल्चर संस्थान की ओर से जोधपुर में ‘एक्ट कनेक्ट रिफ्लेक्ट’ शीर्षक से तीन दिवसीय राष्ट्रीय कला महोत्सव में दूसरे दिन शनिवार को कलाओं के अंतर संवाद पर राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। इसमें देश के ख्यातनाम कला मर्मज्ञ और कलाकारों ने अपने दृष्टिकोण साझा किए। गुजरात के चित्रकार कनू पटेल ने रंग, रेखा और कौशल के दार्शनिक पहलुओं को विस्तार से बताया। जयपुर से पेग ग्रुप के अध्यक्ष आरबी गौतम ने कला में सक्रियता पर जोर दिया। जेएनवीयू कला संकाय प्रभारी डॉ. ऋतु जौहरी, उड़ीसा के पेंटर पंचानन सामल, मालवा के चितेरे व आर्ट क्यूरेटर राजेश पाटिल, गोपालसिंह चौहान, व्याख्याता राहुल कृष्णा व कवि-चित्रकार अमित कल्ला ने विविध जानकारियां दीं। संयोजक केशव वरनोती ने बताया कि संगोष्ठी की अध्यक्षता सय्यद मेहर अली अब्बासी व एडवोकेट विकास बालिया ने की। ईस्टर्न फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रदीप्ता किशोर दास ने प्रतिभागियों का स्मृति चिह्न दिए। रविवार को पेग व कल्प चित्रकला परिषद् के संयुक्त तत्वावधान में रेखांकन कार्यशाला व पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह होगा।