डोली स्थित टोल प्लाजा पर बदमाश ने फायरिंग कर की तोड़फोड़।
क्राइम रिपोर्टर | जोधपुर
जोधपुर-बाड़मेर हाईवे पर डोली गांव के निकट स्थित टोल प्लाजा के ठेकेदार से हर महीने दो लाख रुपए की रंगदारी मांग बदमाश ने शनिवार को तोड़फोड़ व फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। इसी बदमाश ने करीब 9 महीने पहले भी अन्य साथियों के साथ यहां तोड़फोड़ की थी। इस संबंध में ठेकेदार के स्थानीय प्रबंधक की ओर से कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दी गई है।
जानकारी के अनुसार मुंबई के उल्लास नगर की फर्म इंद्रदीप कंस्ट्रक्शन कंपनी का जोधपुर-बाड़मेर हाईवे पर टोल संग्रहण का काॅन्ट्रेक्ट है। इसके मैनेजर धीरेंद्रसिंह राठौड़ ने कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें राठौड़ ने पुलिस को बताया कि शनिवार अपराह्न 3:22 बजे डोली निवासी राजू डारा विश्नोई पुत्र करणाराम अपनी बोलेरो कैंपर लेकर टोल बूथ पर पहुंचा। यहां टोल बूथ के स्टाफ ने उससे टोल शुल्क के लिए कहा, तो आरोपी पिस्टल लेकर नीचे उतरा और स्टाफ को धमकाते हुए बूथ पर तोड़फोड़ की। उसने स्टाफ को पिस्टल दिखाते हुए धमकाया कि हर महीने दो लाख रुपए की रंगदारी नहीं दी, तो जान से मार दूंगा। इसके बाद आरोपी ने बिना शुल्क चुकाए भागते हुए फायरिंग भी की। इसकी सूचना मिलने पर बाड़मेर व जोधपुर में नाकाबंदी भी कराई गई, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आया। बदमाश की पूरी हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मैनेजर की ओर से इसकी फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि राजू डारा उर्फ फौजी ने रंगदारी नहीं देने पर करीब 9 महीने पहले भी टोल बूथ पर तोड़फोड़ कर स्टाफ पर जानलेवा हमला किया था।