नेशनल डिजिटल सर्किट की जजिंग जोधपुर में
नेशनल डिजिटल सर्किट की जजिंग जोधपुर में
सनसिटी फोटोग्राफी सोसायटी की ओर से नेशनल सर्किट में मोनोक्रोम, कलर विक्टोरियल, नेचर, फोटो ट्रेवल, फोटो जर्नलिज्म व फैशन कैटेगरी में प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया। जजिंग के दौरान सोसायटी सचिव विजेंद्र कुमार जायलवाल, शिवकुमार सोनी, शिव वर्मा व राजेश वैष्णव उपस्थित थे।
मियों का बाड़ा में फायरिंग व जेसीबी जलाने के आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्यवाही की मांग
बाड़मेर के मियों का बाड़ा गांव में गत 5 व 6 मई को घेवरराम मेघवाल की जेसीबी जलाने व फायरिंग करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने को लेकर राजस्थान मेघवाल परिषद व जादव महासभा जोधपुर ने पुलिस महा निरीक्षक को ज्ञापन देकर गिरफ्तारी की मांग की। अरविंद कुमार ने बताया, कि महानिरीक्षक हवासिंह घूमरिया ने जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में सोहनसिंह, ओपी बैरवा, मादाराम मकवाना, तुलसीदास, गोपाराम, महेंद्र, मधुसुदन, रहमत अली के साथ परिवादी घेवरराम मेघवाल उपस्थित थे।
नाले को नक्शे में सही जगह अंकित करवा पट्टे जारी करने की मांग
वार्ड 4 की पार्षद राधा शुक्ला ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर शोभावतों की ढाणी में नाले को नक्शे में सही जगह अंकित करवाकर वहां बसी बस्ती के पट्टे जारी करने की मांग की है। उन्होंने ज्ञापन में बताया, कि वार्ड 4 स्थित शोभावतों की ढाणी में नाले के पास नक्शे में एक बस्ती बसी हुई है, जबकि वास्तविकता में यह बस्ती नाले से करीब 200 फीट दूर है। इसलिए शीघ्र ही नक्शे को सही करवाकर 20 वर्षों से इस बस्ती में रह रहे लोगों की परेशानी दूर करते हुए उन्हें पट्टे जारी करवाएं। इस अवसर पर भाजपा कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बाबूखान आदि उपस्थित थे।
डॉ. अंबेडकर पुरस्कार समारोह 24 जून को
डॉ. अंबेडकर की 127 वी जयंती पर 24 जून को सूचना केंद्र के मिनी ऑडिटोरियम में द्वितीय राज्य स्तरीय अंबेडकर पुरस्कार सम्मान समारोह तथा फुले अंबेडकर पत्रिका विमोचन का कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजनकर्ता विक्रम जटिया ने बताया, कि पुरस्कार सम्मान समारोह में साहित्यकार ,पत्रकार तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों के साथ समाज सेवियों को पुरस्कृत किया जाएगा। आवेदन पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 5 जून है।