प्राथमिक कक्षाओं में पढ़ाने वाले जिले के शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर शुरू हाे गए हैं। लेवल प्रथम के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया रहा है।
जोधपुर शहर का प्रशिक्षण शिविर सूरसागर स्थित सेंट एसलम सीनियर स्कूल में आयोजित किया जा रहा है। सर्व शिक्षा अभियान के अतिरिक्त परियोजना समन्वयक मदनलाल विश्नोई ने बताया, कि शिविर में 172 प्रतिभागी शिक्षकों में से 153 शिक्षकों ने भाग लिया। उन्होंने बताया, कि शिक्षकों की उपस्थिति बायोमेट्रिक हो रही है। कोई भी शिक्षक प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
...इधर शिविर में लापरवाही बरतने पर 3 शिक्षक निलंबित
जयपुर में दक्ष प्रशिक्षण लेने गए 3 वरिष्ठ शिक्षकों को कार्य में लापरवाही बरतने पर राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद की अनुशंसा पर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। उप निदेशक बंशीधर गुर्जर ने बताया, कि वरिष्ठ अध्यापक मोहम्मद शाबिर, अब्दुल अजीज, तेजसिंह जयपुर में दक्ष प्रशिक्षण लेने के लिए गए थे, लेकिन वहां से गैर हाजिर हो गए। इसकी रिपोर्ट मिलने पर तीनों को निलंबित कर दिया गया है। इनका मुख्यालय अग्रिम आदेश तक उप निदेशक कार्यालय किया गया है।