जोधपुर| पानी में डूबतों को बचाने और उन्हें प्राथमिक उपचार देने का प्रशिक्षण देने के लिए गुरुवार को कायलाना में शिविर का आयोजन किया गया। मालवीय मानव सेवा समिति एवं दाऊ री ढाणी की ओर से आयोजित इस शिविर में दाऊलाल मालवीय ने डूबते व्यक्ति को बचाने के दाैरान रखी जाने वाली सावधानियां बताईं। उन्होंने बताया कि अपने कपड़ों की रस्सी बनाकर भी व्यक्ति को पानी से सुरक्षित निकाला जा सकता है। पानी से निकालने के बाद दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार का भी डेमो दिया गया। उन्होंने डूबते व्यक्ति का रेस्क्यू करने का डेमो करवाकर सारी बातें समझाईं। जितेंद्र मालवीय ने बताया कि तैरने के दौरान परिस्थितियां बदलने पर कैसे सुरक्षित रहना चाहिए। विशेषज्ञ टीम ने इस मौके पर बड़ी संख्या में बच्चे, युवा एवं अभिभावकों को पानी में जीवंत प्रदर्शन से सारी बातें समझाईं। मालवीय ने कहा कि तैराकी संकट के समय बचाने के साथ ही सर्वश्रेष्ठ व्यायाम है। इससे मोटापे, कमजोरी एवं मानसिक तनाव जैसी कई बीमारियों से मुक्ति मिलती है। प्रशिक्षण शिविर में सुनील मालवीय, रवि, दीपशिखा, खुशबू, निधि, सरोज, भावना, कमलेश, उमेश, राघव, हरिसिंह आदि की टीम ने उपस्थित लोगों से पानी में बचाने का डेमो करवाया।