तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों को लेकर प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अफसरों को एक बार फिर से जयपुर स्थित शिक्षा संकुल में बुलाया गया है। जहां डीईओ के साथ गए मंत्रालयिक कर्मचारी थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादलों की सूचियां बनाने में जुट गए हैं। गौरतलब है, कि पूर्व में शासन सचिव शिक्षा नरेशपाल गंगवार व शिक्षा राज्य मंत्री के बीच तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों को लेकर हुई तकरार के बाद सचिव गंगवार ने सभी अफसरों को वापस भेज दिया था। अब सीएमओ के हस्तक्षेप के बाद इन अफसरों को फिर से जयपुर बुलाया गया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है, कि एक सप्ताह में तृतीय श्रेणी के शिक्षकों के तबादलों की पहली सूची जारी हो जाएगी। वहीं जोधपुर जिले में द्वितीय श्रेणी के 460 शिक्षकों की सूचियां जारी की गई है। प्रधानाचार्यों के बड़ी संख्या में हुए तबादलों के बाद कई स्कूलों में दो- दो प्रधानाचार्य हो गए,तो दूसरी ओर शिक्षा विभाग माध्यमिक प्रथम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भी बदल गए हैं। हालांकि अभी स्कूलों में छुट्टियां चल रही है और तबादलों के लिए संशोधित आदेश भी जारी होने हैं। उप निदेशक माध्यमिक शिक्षा बंशीधर गुर्जर ने बताया, कि द्वितीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों के साथ ही प्रधानाचार्यों के भी तबादले किए हैं।