बोरुंदा थाने में करीब 25 दिन पहले दर्ज केस में दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
क्राइम रिपोर्टर | जोधपुर
नोटबंदी के बाद तेजी से बढ़े बिटकॉइन के कारोबार के बीच यूके की एक बिटकॉइन कंपनी के स्थानीय प्रमोटर पर हमला कर दो हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने लैपटॉप व मोबाइल लूटकर तकरीबन चार करोड़ रुपए कीमत के बिटकॉइन हड़प लिए। कुछ ऐसे ही आरोपों के साथ एक केस बोरुंदा थाने में करीब 25 दिन पहले दर्ज किया गया। इस प्रकरण में जांच कर रहे इंस्पेक्टर निरंजन प्रताप सिंह ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया, लेकिन इनसे मोबाइल या लैपटॉप बरामद नहीं हुआ है। इसके चलते प्रकरण की हकीकत का खुलासा नहीं हो पाया है। इस संबंध में यूके की बिटकॉइन कंपनी आभासी मुद्रा के स्थानीय प्रमोटर मनोज पटेल ने बोरुंदा थाने में केस दर्ज कराया था। इसमें गत 23 अप्रैल को रावनियाना इलाके में कैलाश टाक, सुरेंद्र प्रजापत, दिनेश गहलोत, किशनसिंह, गौतमचंद टाक, जीतू टाक व अन्य ने पटेल की गाड़ी को टक्कर मोबाइल व लैपटॉप लूट लिया था और इसी में मोबाइल वॉलेट से करीब चार करोड़ के बिटकॉइन हड़प लिए।