पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पानी के लिए प्रदर्शन फूटा गुस्सा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मई का महीना खत्म होने जा रहा है। गर्मी के सितम के साथ पानी का संकट भी बढ़ता जा रहा है। शहर के कई इलाकों में सप्लाई नहीं होने से परेशान लोगों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। शहर के कुड़ी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में पिछले डेढ़ माह से पानी नहीं आने से परेशान महिलाओं और पुरुषों ने सोमवार को पीएचईडी के रिक्तिया भैरूजी चौराहा स्थित एसई सिटी कार्यालय में एसई सिटी का घेराव कर उन्हें चूड़ियां भेंट की। गुस्साई महिलाओं ने कहा, डेढ़ महीने में भी पीने के पानी की सप्लाई नहीं कर सकते हो तो चूड़ियां पहन लो। इसके बाद सिटी एसई ने समझाईश करते हुए कहा, कि क्लोजर और गर्मी के कारण पानी की मांग और खपत बढ़ने से जलापूर्ति गड़बड़ाई हुई है, जिसे जल्द ही सुधार दिया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हेमंत शर्मा, विशाल शर्मा, सरपंच देवीसिंह सिसोदिया, ओमप्रकाश परिहार, अख्तर खान सिंधी, आसाराम आचार्य, ज्योति प्रकाश माथुर, डीपी जोशी, अमृत सांखला, मो.इकबाल और शौकत खान मौजूद थे।

कुड़ी में महिलाएं अफसरों से बोलीं- चूड़ियां पहन लो, महापौर के वार्ड में लोगों ने कहा- पानी दो नहीं तो गला घोंट दो

कुड़ी में डेढ़ माह से और वार्ड 11 में तीन माह से पेयजल संकट गहराया, महापौर ओझा बोले-अब हर शुक्रवार करेंगे सुनवाई

मई माह खत्म होने जा रहा है, भीषण गर्मी में पानी नहीं आने से हलकान क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूटा, अफसरों ने फिर दिए आश्वासन

कुड़ी में पानी की समस्या पर लोगों का िवभाग के अफसरों के सामने गुस्सा फूटा। महिलाएं बोली पानी नहीं दे सकते तो चूड़ियां पहन लो।

महापौर को खरी-खरी सुनाई तो उन्होंने अफसरों को दी हिदायत

पिछले तीन महीने से पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे महापौर के वार्ड 11 के नागरिकों ने सोमवार को प्रदर्शन करने के साथ पीएचईडी के अफसरों का घेराव कर खरी खरी सुनाई। लोगों ने पीएचईडी विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा, कि पब्लिक को एकांतरे पानी नहीं दे सकते हो तो गला घोंट दो। प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे महापौर ने कहा, अब हर शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से लोगों की समस्या सुनेंगे आैर उनके समाधान का प्रयास करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा, पिछले तीन महीने से समस्या के समाधान का आग्रह कर रहे हैं, लेकिन पीएचईडी विभाग समाधान तो दूर समस्या सुनने तक को तैयार नहीं है। वार्ड के लोगों की और से प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर आए महापौर घनश्याम आेझा को भी प्रदर्शनकारियों ने खरी-खरी सुनाई। महापौर ने पीएचईडी विभाग के अफसरों को पानी की समस्या का जल्द समाधान करने को कहा। इसके बाद वार्डवासी सफाई उप कार्यालय गए और महापौर से शिकायत करते हुए कहा, कि लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या को लेकर वार्ड के लोग पीएचईडी विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अफसर सुनवाई नहीं कर रहे। इस दौरान लोगों ने वार्ड की अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग की। इस अवसर पर भीकमचंद, दलपत वैष्णव, अरविंद जैन, अशोक, संदीप, मीठालाल, धर्माराम, कमला देवी, सीमा, शकुंतला, जल मित्र गौरी शंकर आचार्य सहित सैकड़ों लोग प्रदर्शन में उपस्थित थे।

वार्ड 4 में पानी का संकट, पार्षद ने कहा-एईएन मनमर्जी से करते हैं सप्लाई, क्षेत्रवासी परेशान

पार्षद राधा शुक्ला ने पानी की समस्या से जलदाय विभाग के अफसरों को अवगत करवाया।

जोधपुर | वार्ड संख्या चार की पार्षद राधा शुक्ला ने अपने क्षेत्र में लंबे समय से पानी की समस्या को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ पीएचईडी के एसई सिटी दिनेश पेड़ीवाल से मिलकर एईएन अजयसिंह चौधरी द्वारा समय पर पेयजल आपूर्ति नहीं करने की शिकायत की। पार्षद शुक्ला ने बताया, कि एईएन मनमाने तरीके से वार्ड संख्या चार में पानी की लाइनें डालने का काम कर रहे हैं। किसी गली को नई लाइन से जोड़ा जा रहा है तो किसी गली को इससे वंचित रखा जा रहा है। इसके अलावा परियोजना वर्क के तहत तखतसागर की जिन बड़ी लाइनों को जमीन में डालने के लिए 23 सेक्टर में सड़कें तोड़ी गई। वो एक साल बीतने के बाद भी पीएचईडी ने नई नहीं बनवाई है। उन्होंने कहा, कि इन टूटी सड़कों के कारण हादसे भी बढ़ रहे हैं, लेकिन पीएचईडी ध्यान नहीं दे रहा है। इसके लिए भी उनके द्वारा अधिकारियों से शिकायत की गई है। इसी प्रकार शोभावतों की ढाणी स्थित रेल नगर, पूनम नगर, अमृत विहार, अमृत नगर, मुरली नगर, मंगलम नगर आदि कॉलोनियों में घर-घर में पानी पहुंचाने के लिए भी पीएचईडी पूरा प्रयास करें। इस पर एसई सिटी पेड़ीवाल ने तुरंत अधिकारियों से बात कर पानी की समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं...