हुडको क्वार्टर के महावीर नगर में रहवासीय इलाके में दो प्लॉट को मिलाकर बिल्डिंग का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है।
लोग बोले-सड़क पर निर्माण सामग्री से आ-जा नहीं पा रहे
डीबी स्टार | जोधपुर
कमला नेहरू नगर हुडको क्वार्टर के महावीर नगर में पिछले कई दिनों से रहवासीय इलाके में दो प्लॉट को एक कर बिल्डिंग के निर्माण ने क्षेत्रवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों ने बिल्डिंग बनवाने वाले पर आरोप लगाया कि यहां स्कूल खोलने के लिए अवैध रूप से निर्माण करवाया जा रहा है। साथ ही मकान में काम अाने वाली सामग्री सड़क पर पड़ी होने यहां से आसपास रहने वालों को परेशानी होने के साथ आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। इसको लेकर क्षेत्रवासियों ने नगर निगम व जेडीए को लिखित में शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की है, लेकिन अब तक किसी ने भी इस मामले को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई है। इधर नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश कसेरा ने कहा कि उनकी जानकारी में यह मामला नहीं आया है।
क्षेत्रवासी सवाईलाल, हिम्मत सिंह, भवानी, प्रवीण टाटिया, मुकेश व सुरेंद्र ने बताया कि कमला नेहरू नगर हुडको क्वार्टर के महावीर नगर में प्लांट नंबर 143 व 144 को मिलाकर रहवासीय इलाके में बिना परमिशन अवैध रूप से स्कूल का निर्माण करवाया जा रहा है। जबकि रहवासीय इलाके व 30 फीट रोड में स्कूल व व्यावसायिक कार्य बिना अनुमति के संचालित नहीं किया जा सकता है। सवाईलाल ने बताया कि सुबह से देर रात तक कार्य चलने से मोहल्लेवासियों को परेशानी हो रही है। यहां आए दिन ट्रक-ट्रैक्टर आदि खड़े रहने से आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मकान मालिक कानाराम का कहना है कि क्षेत्रवासियों का आरोप गलत है। यहां स्कूल नहीं, बेटों के लिए मकान बनवा रहा हूं। सड़क पर निर्माण सामग्री पड़ी होने से लोगों को हो रही परेशानी के बारे में पूछने पर कहा कि इसके लिए निगम से परमिशन ली हुई है, लेकिन परमिशन लेटर दिखाने से इनकार कर दिया।