पहले ही फेरे में दस घंटे देरी से चेन्नई पहुंची हमसफर एक्सप्रेस
जोधपुर| शहर के उपनगरीय भगत की कोठी से दो दिन पहले उद्घाटन फेरे पर रवाना हुई तांबरम हमसफर एक्सप्रेस पहले फेरे में दस घंटे की देरी से पहुंची। इसको लेकर यात्रियों ने रेलवे से गुहार की है कि नई ट्रेन का आगाज ही ऐसा है तो अगले फेरे से नियमित होने पर इतना समय खराब कर इस ट्रेन में कौन सफर कर करेगा।
रेल राज्यमंत्री राजेन गोहेन व केंद्रीय कृषि कल्याण राज्यमंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गत सोमवार को ट्रेन संख्या 04815 को उद्घाटन फेरे पर भगत की कोठी से तांबरम के लिए रवाना किया था। पहले ही फेरे में इस ट्रेन के लिए अच्छी संख्या में यात्रियों ने टिकट खरीदे थे। ट्रेन को बुधवार सुबह 8:50 बजे चेन्नई पहुंचना था। जोधपुर से यह 20 मिनट की देरी से रवाना हुई थी, वह भी उद्घाटन समारोह के कारण। जब ट्रेन भोपाल पहुंची तो एक घंटे की देरी से चल रही थी, जो नागपुर तक 3 और बालहरशाह स्टेशन पहुंचने तक 4:15 घंटे की देरी हो चुकी थी। विजयवाड़ा पहुंचने तक एक घंटे की देरी बढ़ गई। चेन्नई से एक स्टेशन पहले पहुंचने तक ट्रेन करीब नौ घंटे की देरी से चल रही थी और चेन्नई पहुंचने तक 10 घंटे की देरी के कारण सुबह की जगह शाम हो गई। यात्री दिनेश सीरवी ने बताया, कि नई ट्रेन से उम्मीद थी कि वह समय पर पहुंचा देगी। लेकिन पूरा दिन खराब हो गया चेन्नई पहुंचने तक। यह ट्रेन 18 को तांबरम व 23 मई को भगत की कोठी से नियमित फेरे पर रवाना होगी।