पास ही सो रहे खानाबदोश का सिर पत्थर से कुचल पहाड़ियों में जा छिपा आरोपी, पुलिस ने धर दबोचा
शहर के गीता भवन के पीछे फुटपाथ पर सो रहे एक खानाबदोश का सिर दूसरे शख्स ने भारी पत्थर से कुचल दिया। मंगलवार आधी रात बाद की इस घटना के कुछ देर बाद घायल की हॉस्पिटल में मौत हो गई। इस प्रकरण में हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस ने चंद घंटों में ही पहाड़ियों में छिपे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच करीब 4-5 महीने पहले खाना खिलाने की बात को लेकर झगड़ा हुआ था।
प्रताप नगर थानाधिकारी अचलसिंह ने बताया कि बंबा मोहल्ला बड़ी मस्जिद इलाके में मुन्नी आपा के घर में किराए पर रहने वाली सलमा (27) प|ी मोहम्मद नईम ने रिपोर्ट देकर बताया, कि मंगलवार रात को वे दोनों गीता भवन के पीछे वाली रोड पर एक बंद दुकान के आगे फुटपाथ पर सो रहे थे। देर रात करीब 2 बजे ढब्बू बस्ती निवासी रमजान पुत्र छोटू खां वहां आया और पुरानी रंजिश के चलते उसने एक भारी पत्थर उठाकर नईम के सिर पर दो बार मारा। इससे नईम के सिर से खून बहते देख सलमा चिल्लाई, तो आरोपी रमजान वहां से भाग निकला। बाद में गंभीर रूप से घायल नईम को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन वहां बुधवार को उसकी मौत हो गई। प्रताप नगर पुलिस को इसकी सूचना बुधवार सुबह करीब 8 बजे मिली, तो पुलिस ने मौका मुआयना कर मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
आरोपी रमजान
झगड़े के बाद भी गुस्से में आरोपी ने पत्थर से किया था हमला
पुलिस पूछताछ में सलमा ने बताया, कि उसका पति मोहम्मद नईमुद्दीन उर्फ नईम उर्फ रहीम और आरोपी रमजान खां, दोनों ही खानाबदोश की तरह रहकर भीख मांगकर गुजारा करते और फुटपाथ पर ही सो जाते थे। करीब 4-5 महीने पहले नईम ने रमजान को खाना खिलाने से मना करने की बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उस वक्त नईम ने रमजान के सिर पर पत्थर मारा था। इसी का बदला लेने के लिए रमजान ने मंगलवार देर रात बाद नईम पर हमला कर हत्या कर दी।