जोधपुर| रातानाडा पुलिस लाइन के सामने रहने वाले परिवार की एक गाड़ी करीब तीन साल पहले चोरी हुई, उसे पुलिस अब तक नहीं ढूंढ़ पाई, वहीं से इस परिवार की एक और एसयूवी पिछले सप्ताह चोरी हो गई। तकरीबन 15 लाख रुपए का नुकसान झेल चुका परिवार अब पुलिस से दोनों वारदातों का खुलासा करने की गुहार लगा रहा है। मूलतया फलोदी के बामणू हाल रातानाडा पुलिस लाइन के सामने स्थित मधु हॉस्पिटल के पास रहने वाले नरेंद्र सिंह पुत्र गोपाल सिंह ने गत 9 मई को रातानाडा थाने में केस दर्ज कराया था। इसमें बताया गया कि उनकी बोलेरो घर के बाहर खड़ी थी, रात करीब दो बजे एक बाइक पर दो युवक आए और चार मिनट तक इधर-उधर चक्कर लगाकर रैकी करते रहे। दोनों युवक पहले तो बाइक पर आए और एक चक्कर लगा गाड़ी दूर खड़ी की। इसके बाद दोनों ने पैदल ही चक्कर लगाए और तीसरे चक्कर में वे नरेंद्रसिंह की गाड़ी स्टार्ट कर ले गए। इनकी प|ी के नाम पर खरीदी गाड़ी के मूल दस्तावेज भी उसी में रखे थे। सीसीटीवी कैमरों में गाड़ी चोरी की वारदात कैद हो गई है।
नरेंद्रसिंह के अनुसार 25 फरवरी 2015 को भी उन्होंने रातानाडा थाने में एक केस दर्ज कराया था। उसमें भी शातिर वाहन चोर अलसुबह 4 बजे बोलेरो ले भागे थे। उसके मूल दस्तावेज भी गाड़ी में ही रखे थे। गाड़ी स्टार्ट होने की आवाज सुनकर जब तक वे नीचे आए, तक तक बदमाश भाग चुके थे। इसकी सूचना भी पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, लेकिन करीब सवा तीन साल बाद भी उनकी बोलेरो बरामद नहीं हुई है।
दोनों वारदात रातानाडा पुलिस लाइन के मेनगेट के सामने, सीसीटीवी में नजर आए वाहन चोर