पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Jodhpur
  • जिले भर के एक लाख श्रद्धालु भौगिशेल परिक्रमा में दिखाएंगे उत्साह

जिले भर के एक लाख श्रद्धालु भौगिशेल परिक्रमा में दिखाएंगे उत्साह

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर| अधिकमास में 24 से 30 मई तक भौगिशेल परिक्रमा की तैयारियां शुरू कर दी गई है। कंटीली राह, पत्थरीले रास्ते पर करीब 1 लाख श्रद्धालु अपनी आस्था की डग भरेंगे। परिक्रमा को लेकर हिंदू सेवा मंडल ने 11 उप समितियां बनाकर जिम्मेदारी सौंपी है। आयोजन में शहर की 50 से अधिक संस्थाएं सहयोग करेंगी। यह जानकारी शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में हिंदू सेवा मंडल के अध्यक्ष देवीलाल टाक, संयोजक प्रेमराज खींवसरा, सचिव विष्णुचंद्र प्रजापत ने दी। उन्होंने बताया, कि परिक्रमा यात्रा में राजस्थान एवं देश के कोने-कोने से श्रद्धालु भाग लेते हैं। यात्री ऊबड़-खाबड़ और पथरीले कांटों से भरे रास्ते पर पैदल बढ़ेंगे। मंडल के प्रधान मंत्री कैलाश जाजू और कोषाध्यक्ष राकेश सुराणा ने बताया, कि 24 मई को दोपहर तीन बजे श्री हिंदू सेवा मंडल कार्यालय घंटाघर में अतिथियों द्वारा ध्वज पूजन किया जाएगा। इसी के साथ परिक्रमा शुरू हो जाएगी।

24 से 30 मई तक चलेगी परिक्रमा, 11 उप समितियों का गठन, 50 से अधिक संस्थाएं करेंगी सहयोग

यह रहेगा सात दिन का शिड्यूल

24 मई | बिनायकिया गांव में बिछड़ियाजी गजानन के दर्शन कर रातानाडा, सहकारी बाजार चौराहा, भाटी चौराहा पहुंचेंगे। यहीं रात्रि विश्राम।

25 मई : सुबह 4 बजे यात्री प्रस्थान कर रिक्तिया भैरूजी के दर्शन कर, 12वीं रोड होते हुए बाबा रामदेव मंदिर मसूरिया दर्शन करेंगे। बाद में चौपासनी में रात्रि विश्राम।

26 मई : सुबह 5 बजे चौपासनी से प्रस्थान कर श्रीजी की बैठक के दर्शन करते हुए अरना-झरना पहुंचेंगे। यहां पर स्नान कर भदरेसिया, कदमकंडी होते हुए बड़ली पहुंचकर रात्रि विश्राम।

27 मई : सुबह बड़ली से प्रस्थान कर सोढों की ढाणी, रूपावतों का बेरा, कुई की बावड़ी, बृहस्पति कुंड होते हुए बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचेंगे। यहां पर रात्रि विश्राम।

28 मई : यात्री सुबह बैजनाथ महादेव से प्रस्थान कर मंडलनाथ महादेव, कुंडली माता, जोगी तीर्थ, दईजर माता के दर्शन कर बेरीगंगा पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम यहीं होगा।

29 मई : बेरीगंगा से प्रस्थान कर निंबातीर्थ होते हुए मंडोर पहुंचेंगे। दिन व रात्रि विश्राम मंडोर उद्यान में।

30 मई : सुबह मंडोर उद्यान से प्रस्थान कर मगराजजी का टांका, संतोषी माता मंदिर, कागा तीर्थ, महामंदिर परकोटे सहारे, शक्ति नगर, लक्ष्मीनगर, बीजेएस होते हुए शेखावतजी का तालाब, उम्मेद भवन पहुचेंगे। यहां राजपरिवार द्वारा ध्वज स्वागत किया जाएगा। यात्री गणेश मंदिर रातानाडा होते हुए मोहनपुरा पुलिया पुलिस लाइन पहुचेंगे।

खबरें और भी हैं...