हेल्थ रिपोर्टर जोधपुर | महात्मा गांधी हॉस्पिटल में गुरुवार देर रात आरआरसी विंग के लिए बनीं टंकी में भर्ती मरीजों के लिए ना तो पीने का और ना ही हाथ धोने के लिए पानी की टंकी में पानी बचा। जिससे भर्ती मरीजों के परिजनों ने आरआरसी विंग के बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पर अस्पताल कर्मचारियों ने बताया कि मोटर जल जाने से टंकी में पानी नहीं चढ़ रहा है। कर्मचारियों ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. पीसी व्यास को पानी नहीं होने की सूचना दी तो महापौर को फोन कर मरीजों के हित में फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी की टंकी भरी। शुक्रवार सुबह से ही एमजीएच वर्कशॉप के कर्मचारी मोटर सुधारने का प्रयास कर रहे थे मगर सही करने के बाद देर शाम तक दो बार मोटर जल गई। डॉ. व्यास ने बताया, कि मशीन पर पूरे अस्पताल का लोड होने से बार बार खराब हो रही थी। जिसके चलते अस्पताल को तीन भागों में बांट कर मशीन लगाई जाएगी। जिससे यह समस्या नहीं होगी।