लेन-देन के पुराने विवाद को लेकर बोलेरो सवार चार युवकों ने जेल में बंद अपने साथी के फोन पर एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसके हाथ-पांव तोड़ दिए। गंभीर हालत में दिव्यांग को एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मंडोर थानाधिकारी प्रदीप शर्मा के अनुसार नया बास निवासी लक्ष्मणसिंह (50) दिव्यांग है और तिपहिया साइकिल पर सब्जी बेचने का काम करता है। रोजाना की तरह रविवार को शाम चार बजे वे अपने घर से सब्जी लेकर निकले। कुछ दूरी पर पहुंचे ही थे कि उनके पीछे आई बोलेरो में सवार चार युवकों ने हथियारों के साथ लैस होकर उनके साथ मारपीट की। हादसे में उनके हाथ-पांव पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर एक आरोपी बुड़ियाला बेरा निवासी सेठू भाटी का मोबाइल मिला है। मोबाइल में आरोपी युवक और चेक अनादरण के मामले में चार दिन पूर्व जेल भेजे गए आरोपी कालूसिंह उर्फ प्रीतमसिंह बुुड़ियाला बेरा के बीच बातचीत मिली। इसमें कालूसिंह ने सेठू को लक्ष्मणसिंह पर जानलेवा हमला करने का कहा। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि करीब आठ साल पूर्व लक्ष्मणसिंह ने प्रीतमसिंह को आठ लाख रुपए उधार दिए थे। बदले में प्रीतमसिंह ने चेक दिया था। बैंक से चेक बाउंस हो गया और प्रीतमसिंह ने पैसे भी नहीं लौटाए। इस संबंध में लक्ष्मणसिंह ने मामला दर्ज करवाया। आठ साल कोर्ट में मामला चलने के बाद चार दिन पूर्व आरोपी को जेल हुई थी।