शिकायत की तो वापस लेकर रेल सेवा से भेजा कोटा
जोधपुर| भोपालगढ़ से एक युवक ने अपनी पढ़ाई से जुड़े कुछ जरूरी दस्तावेज डाक विभाग के माध्यम से कोटा भेजे। बुक करवाने के कुछ दिन बाद जब उसने पार्सल की जानकारी ली तो पता चला कि विभाग ने कोटा की जगह जोधपुर के कुड़ी भगतासनी में उसका पार्सल डिलीवर कर दिया। युवक की शिकायत के बाद डाक विभाग ने पार्सल वापस लेकर रेलवे की मेल सर्विस से कोटा पहुंचाया।
दरअसल, भोपालगढ़ के अशोक भाटी ने बीएड पढ़ाई की प्रोजेक्ट फाइल वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी कोटा भेजने के लिए 5 मई को डाक विभाग में बुक करवाई थी। इसके कोटा पहुंचने की आखिरी तारीख 15 मई थी। अशोक आश्वस्त था कि दस दिन में भोपालगढ़ से स्पीड पोस्ट कोटा तो पहुंच ही जाएगी। डाक विभाग ने 7 मई को यह पार्सल कोटा की जगह जोधपुर के कुड़ी भगतासनी स्थित यूनिवर्सिटी के सेंटर पर डिलीवर कर दिया। अशोक ने 14 मई को अपनी डाक का ऑनलाइन स्टेटस देखा तो हैरान रह गया कि डाक कोटा की जगह जोधपुर में ही पहुंचा दी गई है। उसने शिकायत की तो डाक विभाग जागा और 16 मई को यूनिवर्सिटी के कुड़ी भगतासनी ऑफिस से लिफाफा वापस लेकर रेल डाक सेवा से वापस कोटा के लिए बुक करवाया। आखिर में अशोक की प्रोजेक्ट फाइल आखिरी तारीख के तीन दिन बाद 18 मई को कोटा पहुंची। अब उसे चिंता सता रही है कि यूनिवर्सिटी उसकी फाइल मंजूर करेगी या नहीं।