पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Jodhpur
  • परशुराम जयंती: शोभायात्रा में उमड़ा ब्राह्मण समाज, जयकारों से गूंजा शहर

परशुराम जयंती: शोभायात्रा में उमड़ा ब्राह्मण समाज, जयकारों से गूंजा शहर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ब्राह्मण समाज के आराध्य देव भगवान परशुराम का जन्मोत्सव बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर में शोभायात्रा निकाली गई, जिसका कई जगह स्वागत किया गया। शोभायात्रा में शामिल लोग केसरिया साफा के साथ सफेद ड्रेस कोड में शामिल हुए। उत्साही युवा शोभायात्रा में परशुराम की जय जयकार करते चल रहे थे, जो हाथों में परशुराम के अस्त्र फरसे लिए हुए थे। शोभायात्रा जालाेरी गेट चौराहे से सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे भगवान परशुराम के पूजन के साथ शुरू हुई। यहां बने मंच पर सैनाचार्य अचलानंद गिरि, रामस्नेही संत हरिराम शास्त्री, संत नृसिंहदास, कथावाचक मनीष भाई ओझा, सुनील महाराज और ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोगों ने भगवान परशुराम की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजन किया। जालाेरी गेट से शोभायात्रा को विधायक सूर्यकांता व्यास, महापौर घनश्याम ओझा, राजस्थान ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष कन्हैयालाल पारीक, विप्र फाउंडेशन के अध्यक्ष रवि शर्मा ने झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां से शोभायात्रा गांधी अस्पताल रोड, सोजती गेट, नई सड़क, त्रिपोलिया, कटला बाजार, मिर्ची बाजार, खांडा फलसा होते हुए जालोरी गेट पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में परशुराम की झांकी के साथ डीजे के संगीत पर थिरकते युवा केसरिया साफा व हाथों में भगवा ध्वज लिए जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इसमें बच्चों और महिलाओं की भागीदारी भी रही। समापन पर कन्हैयालाल पारीक ने आभार जताया।

शोभायात्रा में इनकी रही भागीदारी

कार्यक्रम में राजस्थान ब्राह्मण महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल जोशी, प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश पारीक, एबीवीपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हेमंत घोष, डॉ. नगेंद्र शर्मा, पूर्व न्यासी कमलेश पुरोहित, महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश गौड़, मुरलीधर जोशी, बाबूलाल बिलाचिया, युवा अध्यक्ष प्रकाश राणेजा, सीमा शर्मा, राधा शुक्ला, शशिकांता जोशी, इंद्रा राजपुरोहित, मधुबाला दवे, पूनक पारीक, संजय गौड़, मांगीलाल गौड़, कैलाश भरिंडवाल, हरिसिंह राजपुरोहित, महेंद्र टाइगर, कन्हैयालाल सांखी, विनोद दाधीच, प्रेमशंकर आचार्य, अशोक पारीक, विकास शर्मा, अमृत पंचारिया सहित ब्राह्मण समाज के अनेक घटकों से जुड़े लोग शामिल हुए।

अक्षय तृतीया पर दिन भर चला दान-पुण्य का दौर, घरों में बना पारंपरिक भोजन खीच गळवाणी

परशुराम की झांकी के साथ डीजे पर थिरकते युवा केसरिया साफा व हाथों में भगवा ध्वज लिए जयकारों के साथ निकली शोभायात्रा।

राजपुरोहित, शर्मा, आचार्य सहित अनेक प्रतिभाओं का सम्मान

सर्व ब्राह्मण महासभा जोधपुर, परशुराम महादेव मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रशासनिक, साहित्यिक, पत्रकारिता, संगीत एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों का सम्मान किया गया। जस्टिस गोपालकृष्ण व्यास कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में प्रशासनिक क्षेत्र में निशांत भारद्वाज, तकनीकी में रमेश जोशी, चिकित्सा में डॉ. विकास राजपुरोहित, पत्रकारिता में दैनिक भास्कर के महावीर शर्मा, दिनेश जोशी, साहित्यिक क्षेत्र में डॉ. जितेंद्र व्यास, शिक्षा में भानुप्रिय भट्ट, विधि में सचिन आचार्य, खेलकूद में कुमारी हया कल्ला, समाज सेवा में दिनेश जोशी, प्रेमशंकर शर्मा, संगीत में जगदीश हर्ष सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।

महाआरती के साथ आतिशबाजी की

अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण फेडरेशन महानगर की ओर से परशुराम सर्किल पर परशुराम की महाआरती व दीप प्रज्वलन कर आतिशबाजी की गई। संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश सारस्वत ने बताया, कि पिछले तीन दिन से चला आ रहा परशुराम महोत्सव महाआरती के साथ संपन्न हुआ। समापन पर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष हस्तीमल सारस्वत, समाजसेवी आरके आेझा, विकास शर्मा, आरके जोशी, कैलाश सारस्वत, डॉ. विनोद शर्मा, रूपेश सारस्वत, ताराप्रसाद व्यास, मुरली पुरोहित, सविता भट्ट, मनीषा सारस्वत सहित अनेक लोग मौजूद थे। हस्तीमल सारस्वत ने कहा, कि ब्राह्मण समाज ने सभी को हमेशा नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान की है।

दैनिक भास्कर के महावीर प्रसाद शर्मा और डॉ. विकास राजपुराेहित व पीपी शर्मा हुए सम्मानित।

प्लास्टिक यूज नहीं करने का संकल्प

विप्र फाउंडेशन ने परशुराम जयंती के अवसर पर चांदपोल पंथेश्वर महादेव मंदिर स्थित राधा रानी गौ चिकित्सालय में कथावाचक मनीष भाई ओझा की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया। महाआरती व गौ पूजन के बाद महापौर घनश्याम ओझा ने उपस्थित लोगों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प दिलाया। संगठन के अध्यक्ष कैलाश सारस्वत ने बताया, कि कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष हस्तीमल सारस्वत, सत्यप्रकाश बोहरा, नवीन जोशी, कैलाश व्यास, श्रवण त्रिवेदी, अमित गौड़, अरुण शर्मा, धनराज वैष्णव सहित अनेक लोगों की उपस्थिति रही।

हाथ में फरसे, केसरिया साफा और सफेद ड्रेस में शामिल हुए लोग, संतों का रहा सान्निध्य

अक्षय तृतीया पर ‘धणी’

जमाना सामान्य, राजनीतिक उथल-पुथल के संकेत

अक्षय तृतीया पर हर साल होने वाला ‘धणी’ का आयोजन बुधवार को सोजतिया बास घांची समाज विकास समिति की ओर से बाइजी तालाब स्थित घांचियों की बगीची में हुआ। इस बार धणी का अनुमान है कि जमाना सामान्य रहेगा। कहीं बारिश अधिक होगी तो कहीं कम, कहीं बाढ़ तो कहीं सूखा रहेगा और सामान्य पैदावार होगी। साथ ही राजनीतिक उथल-पुथल के संकेत भी मिले हैं। गौरतलब है कि जोधपुर में घांची समाज की ओर से यह परंपरा वर्षों से अक्षय तृतीया पर आयोजित की जाती है। बुधवार को भी यह आयोजन हुआ। यह एक प्रकार का टोटका है, जो मौसम और देश की स्थिति का अनुमान लगाने के लिए किया जाता है। समिति के सचिव राजेंद्र भाटी ने बताया, कि कार्यक्रम में काल व सुकाल की बराबर टक्कर देखने को मिली अर्थात दोनों बांस पट्टियां समान रूप से सूल की तरफ बढ़ी और दोनों सूलों को तोड़ दिया, जिस पर समाज के लोगों की उपस्थिति में बुजुर्गों ने अनुमान लगाया, कि इस बार जमाना सामान्य रहेगा। देश व प्रदेश में राजनीतिक उथल पुथल व अनहोनी घटनाएं घटने का अनुमान है। नैनूराम सोलंकी व बालूराम धाणदिया की देखरेख में कार्यक्रम हुआ।

बद्रीनारायण मंदिर के कपाट खुले, साल में दो बार खुलते हैं

दान-पुण्य का पर्व अक्षय तृतीया बुधवार को शहर में परंपरागत रूप से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में कई अनुष्ठान हुए। भीतरी शहर गुंदी मोहल्ला, बद्रीनारायण की गली स्थित भगवान बद्रीनारायण मंदिर के कपाट भक्तों के दर्शनार्थ खोले गए। गौरतलब है, कि यह मंदिर साल में दो बार यानी दीपावली के दूसरे दिन रामा-श्यामा और आखातीज के दिन ही खुलता है। अक्षय तृतीया के दिन दान-पुण्य के चलते लोगों ने मंदिरों में मिट्टी के घड़े और छोटी सुराही के साथ हाथ पंखा और खरबूजा भेंट किया। वहीं घरों में परंपरा अनुसार गेहूं और बाजरे का खीच और गुड़ से बनी गलवाणी के साथ ग्वारफली की सब्जी का भोजन किया। ऐसी मान्यता है, कि इस दिन खरीदी गई कोई भी वस्तु अक्षत रहती है, जिससे बाजारों में स्वर्णाभूषण के साथ अन्य आइटम की अच्छी बिक्री रही।

खबरें और भी हैं...