महिला व्याख्याता का वेतन काटने पर शिक्षक संघ प्रगतिशील ने
महिला व्याख्याता का वेतन काटने पर शिक्षक संघ प्रगतिशील ने नाराजगी जताकर उप निदेशक को दिया ज्ञापन
मेडिकल अवकाश पर गई महिला व्याख्याता की मेडिकल लीव उपलब्ध होने के बावजूद अवैतनिक अवकाश देने के विरोध में राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील ने प्रधानाचार्य के खिलाफ उप निदेशक को ज्ञापन दिया। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय ओसियां की प्रधानाचार्य की ओर से बीमार एवं गर्भवती महिला व्याख्याता के चिकित्सा अवकाश लेने और मेडिकल लीव उपलब्ध होने के बावजूद अवैतनिक कर वेतन काटने पर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष जयकिशन पंचारिया के नेतृत्व में उपनिदेशक माध्यमिक जोधपुर बंशीधर गुर्जर को प्रधानाचार्य के खिलाफ ज्ञापन दिया। ज्ञापन में प्रधानाचार्य पर आरोप लगाते हुए बताया, कि प्रधानाचार्य ने पोषाहार का भुगतान उठाकर प्रभारी को भुगतान नहीं कर खुद के पास रख लिया। इसी प्रकार शारदे बालिका छात्रावास ओसियां में भी गंभीर अनियमितताएं बरती जा रही है, जिसकी जांच करवाई जाए। इस पर उपनिदेशक ने जांच करवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान संघ के जिला सभाध्यक्ष सुरजाराम बिश्नोई, जिला मंत्री हमीर राम, उपाध्यक्ष मोहम्मद मो. अाजम, अनिता अरोड़ा और मोहन लाल शर्मा उपस्थित थे।
ज्वैलरी आर्टिजन आईडी कार्ड बनाने का शिविर 21 से
श्री सर्राफा एंड ज्वैलरी एसोसिएशन के तत्वावधान में सभी ज्वैलर्स का कार्य करने वाले बंधुओं के लिए ज्वैलरी आर्टिजन आईडी कार्ड बनवाने के लिए शिविर 21 से 27 अप्रैल तक लगाया जाएगा। अध्यक्ष भंवरसिंह राजपुरोहित व सचिव कांतिलाल लोढ़ा ने बताया, कि घोड़ों का चौक स्थित दुग्धेश्वर महादेव मंदिर में लगने वाले शिविर में ज्वैलर्स बंधु भाग लेकर कार्ड बनवाकर अनेक सरकारी योजनाओं जैसे- बीमा, व्यापारिक लोन, प्रशिक्षण, सरकारी फेयर में अनेक लाभ ले सकते हैं।