कैंडल मार्च निकाला, आसिफा को दी श्रद्धांजलि
कैंडल मार्च निकाला, आसिफा को दी श्रद्धांजलि
उन्नाव-कठुआ में दुष्कर्म की घटना के बाद जोधपुर में युवाओं में रोष है। वाट्सएप सोसायटी, कौम कुरैशियान और राजस्थान मुस्लिम परिषद जोधपुर इकाई और आम नागरिक जागरूकता मंच ने घटना के विरोध में स्वर मुखर किए हैं। बुधवार को वाट्सएप सोसायटी की ओर से कैंडल मार्च निकालकर आसिफा को कुड़ी भगतासनी स्थित सेंट्रल पार्क में श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर सोसायटी की अध्यक्ष स्वाति शर्मा और सदस्य मौजूद थे। सचिव चंद्रकिरण दवे ने बताया कि, गत दिनों कश्मीर के कठुआ में 8 वर्षीय मासूम आसिफा के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के विरोध हर कोई कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। सोसायटी की सदस्य मूमल भाटी ने इस संबंध में कविता के माध्यम से अपना दर्द व्यक्त किया। इस दौरान रक्षिता सिसोदिया, प्रीति कौशल, वर्षा सियोटा, मूमल भाटी, प्रियंका यादव, प्रियंका राठौड़, आयुषी अग्रवाल, निकिता अग्रवाल और संगीता गुर्जर के अलावा अन्य सदस्य भी मौजूद थे। कौम कुरैशियान और राजस्थान मुस्लिम परिषद जोधपुर इकाई की ओर से सूरसागर चौराहे पर कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसी तरह महामंदिर के मानसागर से भदवासिया तक कैंडल मार्च किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और माता-बहनों ने भाग लिया। इस मौके पर अशोक बालोटिया ने कहा, कि दुष्कर्म करने वालों को सख्त सजा दी जानी चाहिए।
दाधीच का किया स्वागत
राजस्थान युवा संगठन के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक दाधीच का कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटे। कार्यकर्ताओं ने दाधीच की नियुक्ति पर संगठन प्रदेश अध्यक्ष रवि शर्मा सहित प्रदेश के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
कर्मचारी अगले माह से आंदोलन का आगाज करेंगे
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ एसएम, राजस्थान जलदाय श्रमिक व कर्मचारी संघ अपनी 22 सूत्रीय मांगों को लेकर अगले माह से आंदोलन शुरू करेगा। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष राजाबाबू बोहरा की अध्यक्षता में रिक्तिया भैरूजी स्थित महासंघ कार्यालय में विभिन्न घटकों की बैठक हुई। जिसमें अगले महीने में धरना, सद्बुद्धि यज्ञ व रैली के साथ काली पट्टी बांध विरोध जताने का निर्णय लिया गया।
जन सुनवाई मेंं बताया पति की हत्या हुई, सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट के मार्फत दर्ज कराया केस
बनाड़ थाना क्षेत्र के खोखरिया इलाके में रेल पटरियों पर गत 19 सितंबर 2017 को ठेकेदार का शव मिलने के मामले में हत्या की आशंका जताते हुए महिला ने पुलिस अधिकारियों से केस दर्ज करने के लिए कई बार गुहार लगाई, लेकिन उस पर सुनवाई नहीं हुई, तो आखिरकार मृतक की प|ी ने कोर्ट के जरिए बनाड़ थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। खोखरिया निवासी सोहनी देवी की ओर से पेश इस्तगासे के अनुसार उसका पति मानाराम आरसीसी ठेकेदारी करता था। गत 19 सितंबर को उसके पति मानाराम का शव खोखरिया रेलवे ट्रैक पर मिला। इस संबंध में पुलिस ने मर्ग दर्ज किया था, लेकिन सोहनी देवी ने अपने पति की हत्या होने का संदेह जताते हुए सूजाराम व रूपाराम सहित अन्य पर आरोप लगाया। पीड़िता के अनुसार जमीन विवाद के चलते आरोपियों ने मानाराम की हत्या करने के बाद सबूत नष्ट करने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर डाल दिया। बनाड़ पुलिस ने अब कोर्ट के आदेश पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
कायस्थ युवा रोजगार जागरूकता अभियान शिविर में 100 से अधिक ने पंजीयन करवाया
केंद्र सरकार, राजस्थान सरकार व अन्य संगठनों द्वारा हाल ही में विभिन्न श्रेणियों में एक लाख पदों पर निकाली नियुक्तियों पर कायस्थ समाज के बेरोजगार व इच्छुक युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए कायस्थ जनरल सभा के तत्वावधान में कायस्थ युवा रोजगार जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। सभा के अध्यक्ष नरेश माथुर व सचिव पंकज माथुर ने बताया, कि चौहाबो 17 सेक्टर स्थित कायस्थ सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में 100 से अधिक बेरोजगारों व इच्छुक अभ्यर्थियों ने अपना पंजीयन करवाया। मनोनीत उपाध्यक्ष निरंजन माथुर ने बताया, कि डिस्कॉम से सेवानिवृत्त पूर्व प्रबंध निदेशक भवनेश माथुर, सज्जनलाल माथुर, भूजल विभाग से सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता उपदेशकरण माथुर के साथ नारायण रूपराय, अरविंद राय, चंचल माथुर, सत्यनारायण माथुर, नरेशचंद्र माथुर, मुकुट बिहारी माथुर, मुरलीलाल माथुर, कैलाशचंद्र माथुर, महेश माथुर आदि ने शिविर में युवाओं व अभिभावकों को विभिन्न पदों पर होने वाली प्रतियोगी परीक्षा में भाग लेने से लेकर सफल होने तक की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में विस्तृत जानकारी जैसे पद का नाम, विभाग, पदों की संख्या, आयु सीमा, न्यूनतम योग्यता, अंतिम तिथि, संबंधित वेबसाइट आदि की जानकारी दी गई। उपाध्यक्ष विमल माथुर व कोषाध्यक्ष जगदीश चंद्र माथुर ने बताया, कि कार्यक्रम में केजीएस के प्रशासनिक सचिव राजेश माथुर, संगठन सचिव निमेश, संजय, गौतम, मनीष, विक्रम, मनोज, अनिल, राकेश, केजीएस के पूर्व अध्यक्ष कन्हैयालाल माथुर, डॉ. निखिल माथुर के साथ सभी केजीएस सदस्य व स्टाफ उपस्थित था। सचिव पंकज माथुर ने आभार जताया।