पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Jodhpur
  • डेढ़ किमी लंबी स्टेशन रोड 3 करोड़ रुपए से संवरेगी

डेढ़ किमी लंबी स्टेशन रोड 3 करोड़ रुपए से संवरेगी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर निगम रेलवे स्टेशन से रणछोड राय मंदिर से वाया पुरी तिराहा होते हुए स्टेशन सर्किल की सड़क को हेरिटेज की तर्ज पर विकसित करेगा। निगम इस सड़क के सौंदर्यीकरण कार्य पर करीब 3 करोड़ रुपए व्यय करेगा। निगम ने इसकी डीपीआर तैयार कर निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम इस पूरे इलाके में फुटपाथ के साथ दुपहिया व चार पहिया वाहनों के लिए भी निर्धारित स्थल पर पार्किंग जोन बनाएगा। निगम ने सितंबर के दूसरे सप्ताह तक इस कार्य को पूरा करने की डेडलाइन तय की है। महापौर घनश्याम आेझा ने इस पूरे प्रोजेक्ट की कमान डीटीपी व एक्सईएन राहुल गुप्ता को सौंपी है। रेलवे स्टेशन से रणछोड़ राय मंदिर तक की सड़क के बीच में छीतर पत्थर के डिवाइडर बनेंगे। हेरिटेज पोल पर फैंसी रोड लाइटें लगाई जाएगी। शहर में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को स्टेशन के बाहर आते ही डिवाइडर पर लगे पोल पर लगे जोधपुर के दर्शनीय स्थलों की इमेज दिखाई देगी।

रणछोड राय मंदिर सर्किल से पुरी तिराहा | रणछोड राय मंदिर सर्किल से पुरी तिराहा की सड़क का सौंदर्यीकरण करने के साथ फुटपाथ विकसित की जाएगी। इसके अलावा तकिया चांदशाह के बाहर खुली जमीन पर चार पहिया वाहनों की पार्किंग विकसित होगी। इसके अलावा दो अन्य पार्किंग स्थल बनेंगे। पुरी तिराहा से स्टेशन रोड तक भी हेरिटेज लुक की रेलिंग व रंगरोगन होगा।

सड़क किनारे करीब 400 दुपहिया वाहनों की पार्किंग | रणछोड राय मंदिर से पुरी तिराहा होकर रेलवे स्टेशन तक फिलहाल बेतरतीब तरीके से दुपहिया वाहनों की अघोषित पार्किंग हो रही है। इसके कारण कई बार ट्रैफिक जाम भी होता है। अब निगम एक किमी लंबे ट्रैक पर फुटपाथ के अलावा दुपहिया वाहनों की लाइनिंग कर व्यवस्थित पार्किंग स्थल बनाएगा। इस लाइन से बाहर खड़े वाहनों को ट्रैफिक पुलिस जब्त भी करेगी। कांग्रेस कार्यालय से पुरी तिराहा मिनर्वा कॉम्पलेक्स व आगरा स्वीट्स होम तक सड़क किनारे पार्किंग जोन में करीब 400 दुपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी।

हेरिटेज लुक की कल्पना की है : ओझा| महापौर घनश्याम आेझा ने बताया कि जोधपुर में आने वाले पर्यटकों को स्टेशन के बाहर आते ही शहर का हेरिटेज लुक नजर आएगा। साथ ही व्यवस्थित पार्किंग जोन बनेगा, हेरिटेज पोल पर फैंसी लाइटें लगेंगी, दुकानों के साइन बोर्ड एक ही साइज व एक ही रंग से रंगे होंगे, ऐसी ही कल्पना करने के बाद निगम ने इस कार्य की निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...