साढ़े 4 साल में पहली बार सीएम राजे संगठन पदाधिकारी के रूप में कार्यकर्ताआें से मिलीं
जोधपुर | मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बुधवार को जोधपुर पहुंचने के बाद जब एयरपोर्ट से बाहर निकलीं तो काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी व गणमान्य लोग स्वागत के लिए खड़े नजर आए। वे तत्काल बेरिकेड्स के पीछे खड़े कार्यकर्ताआें के बीच पहुंचीं। एक-एक कार्यकर्ता से मिलीं, स्वागत स्वीकारा, माला पहनी आैर ज्ञापन लेकर फरियादियों से रुककर बातचीत भी की। मुख्यमंत्री को संगठन के एक पदाधिकारी की हैसियत से मिलते देखकर भाजपा कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि काफी खुश नजर आ रहे थे। मुख्यमंत्री भी सहज तरीके से उनका अभिवादन स्वीकार कर रही थीं। कई बार पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताआें को धकेलने की कोशिश की तो आगे जाकर उनकी मालाएं हाथ में थाम लीं।
बुधवार को रात 8 बजे एयरपोर्ट के बाहर निकलते ही भाजपा शहर जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी व देहात अध्यक्ष भोपालसिंह बड़ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताआें व जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को भाजपा का दुपट्टा आेढ़ाकर आैर स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। करीब 25 मिनट तक कार्यकर्ताआें से मिलने के बाद जोधपुर में निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने निकल गईं।
इन्होंने एयरपोर्ट पर की सीएम की अगवानी : एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री पीपी चौधरी, महापौर घनश्याम आेझा, राजेंद्र गहलोत, संसदीय सचिव व विधायक लादूराम विश्नोई व भैराराम सियोल, जेडीए अध्यक्ष डॉ. महेंद्रसिंह राठौड़, जिला प्रमुख पूनाराम चौधरी, विधायक बाबूसिंह राठौड़, जोगाराम पटेल, सूर्यकांता व्यास, मेघराज लोहिया, चंद्रप्रकाश चौहान, पूर्व सांसद जसवंतसिंह विश्नोई, सूर्यवीरसिंह, प्रदेश मंत्री केके विश्नोई, महेंद्र मेघवाल, मुकेश लोढ़ा, डॉ. सोहन चौधरी, रमेश विश्नोई, सिकंदर बख्श, महेंद्र शेखावत, जगदीश देवासी, राजेंद्र बोराणा, इंद्रा राजपुरोहित सहित कई कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करने के बाद मुख्यमंत्री संसदीय सचिव व गुड़ामालानी विधायक लादूराम विश्नोई की पोती चांदनी के विवाह समारोह में शिरकत करने के लिए रवाना हो गईं। विवाह समारोह में भी विश्नोई परिवार की ओर से मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
संसदीय सचिव लादूराम विश्नोई की पोती की शादी में शरीक होने जोधपुर आईं सीएम।
ब्राह्मण समाज ने किया सीएम का अभिनंदन
ब्राह्मण समाज के आराध्य देव भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से अवकाश घोषित करने पर जोधपुर पहुंचने पर बुधवार को माल्यार्पण कर परशुराम का अस्त्र फरसा भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री बुधवार को एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जोधपुर पहुंचीं। शाम को एयरपोर्ट आने पर पूर्व न्यासी कमलेश पुरोहित की अगुवाई में ब्राह्मण समाज के लोगों ने अभिनंदन किया। समाज के लोगों ने सीएम से परशुराम जयंती पर अवकाश घोषित कर लंबे समय से चली आ रही इस मांग को स्वीकार करने पर आभार जताया। इस अवसर पर महापौर घनश्याम ओझा, शिवदत्त व्यास, कमल जोशी, दिनेश बोहरा, अमृत पंचारिया, पंकज व्यास, पार्षद राधा शुक्ला, नवीन वैष्णव, श्याम गौड़, ललित पुराेहित सहित अनेक लोग मौजूद थे।
अनड्रेस माल पर रॉयल्टी कम करने को लेकर को दिया ज्ञापन
सैंड स्टोन ब्लॉक अनड्रेस की रॉयल्टी राशि को कम करने की डिमांड को लेकर बुधवार को खानधारकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया। सीएम ने एयर पोर्ट पर प्रतिनिधि मंडल से ज्ञापन लेकर कहा, जल्द ही कलेक्टर से रिपोर्ट मंगवा कर रॉयल्टी राशि के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। बढ़ी हुई रॉयल्टी के विरोध में जोधपुर में पिछले पंद्रह दिनों से अनड्रेस माल का व्यापार बंद है। खानधारक ना तो माल निकाल रहे है और ना ही बेच रहे है। सरकार के नोटिफिकेशन में अनड्रेस के आगे ब्लॉक शब्द हटने से यह परेशानी खड़ी हुई है। जिससे अनड्रेस और ड्रेस माल की रॉयल्टी एक समान हो गई है। छोटे खानधारक ड्रेस माल के बराबर अनड्रेस की रॉयल्टी कैसे दे सकते है। सीएम ने खानधारकों की बात सुनकर आश्वासन देते हुए कहा, इस संबंध में कलेक्टर से रिपोर्ट बनाकर मंगवाने के बाद कुछ निर्णय लिया जाएगा।