सरसों की खरीद करवाने की मांग को लेकर डीसी से मिलने जाते ग्रामीण।
भास्कर न्यूज|भिवानी
जुई बिचली के किसानों आज डीसी को ज्ञापन सौंपकर जुर्इ अनाज मंडी में मार्केट कमेटी सचिव व हैफेड अधिकारियों की मिलीभगत से सरसों की खरीद में धांधली की शिकायत देकर जांच करवाने की मांग की।
डीसी डॉ. अंशज सिंह को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि मार्केट कमेटी सचिव ने हैफेड कर्मचारियों से मिली भगत कर गांव के शेड्यूल में हेरा फेरी की गई है। सरसों खरीद के नाम पर मार्केट कमेटी अधिकारियों ने किसानों से 100 से 200 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से रिश्वत ली है। इसके अलावा जिन किसानों की सरसों खरीदी गई उनसे प्रति क्विंटल दो से पांच किग्रा सरसों अधिक ली गई है। शेड्यूल के अनुसार जुई कलां का नंबर सात मई को था। लेकिन सरसों की खरीद आज तक नहीं की गई।
सरकारी खरीद दस मई को बंद हुई जबकि जुई मंडी में एजेंसी अधिकारियों ने अपने चहेतों की सरसों 15 मई तक खरीदी जबकि एजेंसी के कागजों में सरसों की खरीद दस मई को ही दिखाई गई है। इस मौके पर किसान विजयपाल, विरेंद्र, आजाद सिंह, सोमवीर, राजेश कुमार, राजेंद्र, भूप सिंह, सुनील कुमार, खेमचंद शर्मा, दलीप कुमार, विनोद, सुरेंद्र, पवन कुमार व अनूप कुमार आदि किसान मौजूद थे।