अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
भास्कर न्यूज | भिवानी
भिवानी-लोहारू मार्ग पर गांव ढाणी शंकर के नजदीक बुधवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। गांव बास खुर्द निवासी रणबीर रात लगभग नौ बजे जुई से अपने ताऊ के लड़के तीर्थ के पास बाइक पर ललहाना जा रहा था। जब वह ढाणी शंकर के पास पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे रणबीर घायल हो गया। राहगीरों ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई राकेश ने पुलिस में दिए बयान में बताया कि उसका छोटा भाई होशियार सिंह ललहाना के पास चौथे हिस्से में खेत में काम करता था। उसे सूचना मिली कि होशियार सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है। वह रोहतक पीजीआई पहुंचा तो उसके भाई की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 व 304ए के तहत मामला दर्ज किया है।