इनेलो बसपा गठबंधन की प्रदेश में सरकार बनने पर युवाओं को बेरोजगारी भत्ता 15 हजार रुपए और बुजुर्गों को 2500 रुपए पेंशन दी जाएगी। किसानों के पास जमीन नीलामी के नोटिस पहुंचना भाजपा की किसान विरोधी नीति को उजागर करता है लेकिन किसान की जमीन को किसी भी सूरत में नीलाम नहीं होने दिया जाएगा। यह बात हिसार लोकसभा क्षेत्र सांसद दुष्यंत चौटाला ने रविवार को गांव बूढ़ाखेड़ा लाठर में पत्रकारों से बात करते हुए कही।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि किसानों को जमीन नीलामी के नोटिस पहुंचना सरकार की किसान विरोधी नीति को दर्शाता है। इनेलो बसपा सरकार बनने पर किसान को कर्ज मुक्त किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट का फैसला हरियाणा के हक में आने के बावजूद भाजपा ने एसवाईएल नहर का निर्माण नहीं करवाया। उन्होंने कहा कि दादूपुर नलवी नहर का निर्माण चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने शुरू करवाया था, लेकिन भाजपा किसानों की उस सिंचाई और भूमिगत जल स्तर को बढ़ाने वाली जीवनरेखा को भी समाप्त करना चाहती है। इस मौके पर विधायक परमेंद्र सिंह ढुल, विनोद सिंगला, हलका प्रेस प्रवक्ता आनंद लाठर, राजपाल राठी, महेंद्र सिंगला, नरेश लाठर, सुरेंद्र खटकड़, मोहित लाठर, फूल सिंह सिहाग, कुलबीर मलिक, काम सिंह, सतपाल, जयभगवान मौजूद रहे।
जुलाना. पत्रकारों से बातचीत करते इनेलो संसदीय दल के नेता एवं हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला।