जुलाना |लोगों की सुविधाओं के लिए गांव-गांव खोले गए अटल सेवा केंद्र यानी सीएससी पर अब रोगों का ऑनलाइन उपचार होगा। कोई भी आदमी या महिला तथा बच्चा अटल केंद्र पर पहुंचकर बड़े अस्पतालों के डाक्टरों से ऑनलाइन अपनी बीमारी बता कर उनसे दवा ले सकता है और अपने रोगों का उपचार घर बैठे करवा सकता है। यह जानकारी गुरुवार को हथवाला में अटल सेवा केंद्र का उद्घाटन करते हुए जुलाना के तहसीलदार शिव कुमार ने दी। इस अवसर पर तहसीलदार ने पौधारोपण भी किया। तहसीलदार ने कहा कि लोगों के प्रशासनिक काम उनके गांव में ही हों इसके लिए सरकार ने गांव-गांव में अटल सेवा केंद्र खोले हैं। इन केंद्रो पर जाति-प्रमाण पत्र, बुढापा पैंशन, डोमिसाइल, इनकम सर्टिफिकेट, पैन कार्ड, राशन कार्ड सहित अनेक कार्य होते हैं। सभी तहसील में होने वाले कार्य अटल सेवा केंद्रों पर ही होंगे।