ट्यूबवेल की मोटर जली, चार दिन से नहीं हुआ पानी सप्लाय
जुलवानिया | नगर के महार मोहल्ले में लगे ट्यूबवेल की मोटर जल जाने से पिछले चार दिन से मोहल्ले में पानी की सप्लाय नहीं हो सकी है। इससे मोहल्ले के लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। जिम्मेदार चार दिन में ट्यूबवेल में सुधार कार्य नहीं करा सके हैं। इससे मोहल्ले के लोगों में खासा रोश व्याप्त है। मोहल्ले की महिला आंकरी आब्दुल, कमला सुखलाल ने बताया कि पांच दिन में एक दिन नलों में पानी आता है। वो भी कम प्रेशर से आता है। इससे बर्तन भी पूरे नहीं भर पाते हैं और बंद हो जाता है। जबकि अभी चार दिन से पानी वितरण नहीं किया गया है। इससे 400 से 600मीटर दूरी से पानी लाना पड़ रहा है। दिनभर पानी की व्यवस्था करने में निकल जाता है। कई बार जनप्रतिनिधियों को शिकायत की है। लेकिन कोई सुनने तो तैयार नहीं है। लोगों ने बताया कि प्राइवेट टैंकरों से पानी खरीदने की नौबत बन रही है। मामले में सरपंच मदनसिंह बघेल ने बताया कि पानी की मोटर जल गई है। हमनें बनाने के लिए भेजी है। आज कल में मोटर लग जाएगी। सभी मोहल्लों में समान रूप से पानी दिया जाएगा। किसी को पानी के लिए परेशानी नहीं होने देंगे।