गत मंगलवार की रात को सहसन के कलगीधर सिंह सभा गुरुद्वारे के सेवादार तथा उसकी प|ी के साथ गुरुद्वारा परिसर में घुसकर हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई मारपीट का पुलिस ने चौथे दिन भी कोई खुलासा नहीं किया है। इससे नाराज सिख समाज ने शनिवार को गुरुद्वारा परिसर में महापंचायत बुलाई।
वहीं इस महापंचायत को देखते हुए पुलिस जाप्ता सहसन में मौजूद रहा। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि सिख समाज ने कभी भी दूसरे लोगो के धार्मिक क्रिया-कलापों को लेकर कोई रोडा नहीं अटकाया है, फिर बदमाशों द्वारा सिख समुदाय की भावनाओं को आहत किया गया है। इस घटना को सिख समाज कभी सहन नहीं करेगा। पंचायत के मध्य पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों से भी समाज के लोगों ने वार्ता कर अपना रोष व्यक्त किया। समाज के लोगों को प्रशासन द्वारा भरोसा दिलाया गया कि पुलिस मामले को गंभीरता से देख रही है शीघ्र ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। पंचायत में तय किया गया कि गुरुद्वारे में तीन दिन का अखण्ड पाठ आज से ही शुरू किया गया है।
इस दौरान यदि पुलिस प्रशासन घटना का खुलासा नहीं करता है तो पाठ के समापन के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। महापंचायत में रंजीत सिंह सीकरी, गुरुदयाल सिंह पुनाय, महेन्द्र कौर कुम्हेर, कुलवंत कौर के अलावा स्थानीय सिख समाज तथा बमनवाड़ी, बड़ौदा, रामगढ़, सीकरी, फुटाकी आदि स्थानों के सिख समाज के लोग मौजूद थे। महापंचायत के दौरान पहाड़ी एसडीएम रघुनाथ खटीक, डीग सीओ अनिल मीणा, जुरहरा थानाधिकारी होशियार सिंह, पहाड़ी रमेश तंवर आदि मौजूद थे। वहीं एएसपी सुरेन्द्र सिंह कविया जुरहरा थाने पर आरएसी, क्यूआरटी के जवानों के साथ कैम्प किए रहे।
जुरहरा, पुलिस एंव प्रशासन से वार्ता करते समाज के लोग।