तीन दुकानों के शटर और ताले तोड़कर इंवर्टर की बैटरियां और नकदी चोरी
भास्कर संवाददाता | घुमान/कादियां
घुमान इलाके में चोरों ने दो दुकानों के शटर तोड़कर अंदर से बैटरी और नकदी चोरी कर ली। चोरी संबंधी पुलिस को सूचित कर दिया है। इस संबंध में डेयरी मालिक करनैल सिंह निवासी कपूरा ने बताया कि जब वह सुबह 6 बजे डेयरी पर आए, तो देखा कि उनकी दुकान का शटर नीचे से टूटा हुआ है। जब उन्होंने दुकान के अंदर जाकर देखा तो गल्ले में पड़ी करीब 2 हजार रुपए की नकदी और इंवर्टर की बैटरी चोरी थी।
इसी तरह, सोनू चिकन शॉप के मालिक सुरिंदरपाल सिंह निवासी घुमान के बताया कि उन्हें सुबह किसी व्यक्ति का फोन आया कि उसकी दुकान का शटर खुला है। तभी उसने दुकान पर आकर देखा तो दुकान से इंवर्टर की बैटरी चोरी थी। चोरों ने किसी चीज से शटर टेढ़ा करके सामान चुराया है। थाना घुमान पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
उधर, कादियां के बुट्टर रोड पर स्थित विक्रम चिकन एंड फिश कार्नर के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी और इन्वर्टर की बैटरी चोरी कर ली। इस संबंध में विक्रम चिकन एंड फिश कार्नर के मालिक विक्रम सिंह निवासी धर्मपुरा मोहल्ला कादियां ने बताया कि वह बुधवार सुबह आकर देखा कि दुकान के ताले टूटे थे। इसके अलावा दुकान के अंदर गल्ले से 3 हजार रुपए भी गायब थे और इन्वर्टर की बैटरी भी चोरी हो चुकी थी। वहीं, थाना कादियां के एसएचओ सुदेश कुमार ने बताया कि जल्द आरोपी पकड़े जाएंगे।
घुमान
डेयरी मालिक चोरी की जानकारी देते।
कादियां
चोरी के बारे में बताते विक्रम व अन्य।