दो कर्मचारियों के अपहरण का दस हजार रुपए का इनामी पकड़ा
झुंडपुरा | एक साल पहले हुए जलसंसाधन विभाग के दो कर्मचारियों के अपहरण में वांटेड व 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी भत्तू मल्लाह पुत्र चिरोंजी मल्लाह (36) निवासी काली तीर थाना सरमथुरा राजस्थान को झुंडपुरा चौकी प्रभारी एसआई साधना सिंह ने शुक्रवार की देर शाम सेमई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी भत्तू मल्लाह बस से बैठकर सबलगढ़ से कैलारस की ओर जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए बस को सेमई तिराहे पर रुकवाकर अपहरण के अभियुक्त भत्तू मल्लाह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपहरण में संलिप्त होने की बात को स्वीकार किया है। उल्लेखनीय है कि एक साल पहले एक गैंग ने दो कर्मचारियों का रात के समय सेमई क्षेत्र से अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद तो बदमाश नामजद हुए उनमें भत्तू मल्लाह का नाम भी सामने आया तो पुलिस ने उस पर इनाम घोषित कर दिया था।