आंबेडकर प्रतिमाओं पर 18 तक बढ़ाई सुरक्षा
प्रतिमाओं की सुरक्षा को पुलिस रात में चार बार जाकर चेक कर रही
भास्कर संवाददाता | मुरैना
डा.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं की सुरक्षा, पुलिस प्रशासन के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। तोड़फोड़ की आशंका के चलते पुलिस ने प्रतिमाओं पर पहरा 18 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है। पहरा के लिए सरकारी कर्मचारियों समेत पुलिस के सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिले में डा. आंबेडकर की प्रतिमाएं 60 स्थानों पर लगी हैं। उनमें कुछ स्थानों पर अष्टधातु की प्रतिमाएं लगी हैं तो कई प्रतिमाएं पत्थर की बनी हैं। लेकिन 40 से अधिक स्थानों पर पटियों पर डा.आंबेडकर के चित्र उकेरे गए हैं। मुरैना शहरी क्षेत्र में आठ तो कैलारस में 17 प्रतिमाएं स्थापित हैं। कैलारस कस्बा के अंदर एक प्रतिमा अष्टधातु की स्थापित है। 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती बीतने के बाद भी पुलिस प्रशासन को आशंका है कि 18 अप्रैल को आयोजित भगवान परशुराम जयंती तक आंबेडकर प्रतिमाओं से कहीं छेड़छाड़ नहीं हो उस लिहाज से प्रतिमाओं की सुरक्षा यथावत बनी रहे। कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक के आदेश पर सरकारी कर्मचारी तथा सिपाही समेत नगर रक्षा समिति के सदस्य अभी भी आंबेडकर प्रतिमाओं पर उपस्थित रहकर उनकी पहरेदारी कर रहे हैं।