दो गुटों में लाठियां चलीं, दो घायल
दो गुटों में लाठियां चलीं, दो घायल
पहाड़गढ़| खुड़वास गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में लाठियां चल गई। दोनों ओर से हुए हमले में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि खुड़वास गांव में रहने वाले अजीत पुत्र रामकिशन शाक्य एवं सुमेर पुत्र रामदयाल शाक्य के बीच पुराना विवाद चल रहा है। इसी बात को लेकर शनिवार को दोनों लोगों में उस समय टकराव हो गया जब वे रास्ते से होकर खेत जा रहे थे। विवाद बढ़ते ही एक दूसरे के समर्थकों ने लाठियों से हमला बोल दिया। जिससे अजीत व सुमेर दोनों चोटिल हो गए। अजीत की रिपोर्ट पर पुलिस ने सुमेर, विजय व रेखा के खिलाफ तथा सुमेर की रिपोर्ट पर रामकिशन, अजीत व गीता के खिलाफ पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज कर लिया है।
युवक पर लाठी भांजी एससी-एसटी के तहत केस दर्ज
कैलारस| चिन्नौनी थाना क्षेत्र स्थित जापथाप गांव में दबंगों ने दलित युवक का जातीय अपमान कर मारपीट कर दी। जानकारी के मुताबिक जापथाप गांव में रहने वाला रवि पुत्र पटरी जाटव शनिवार की देर शाम गांव में बैठा था। इसी दौरान खेरा गांव में रहने वाले लोकेंद्र व सुरेंद्र गुर्जर रवि को जातीय सूचक गालियां देने लगे। विरोध करने पर दोनों लोगों ने लाठी-डंडों से रवि की मारपीट कर दी। रवि की रिपोर्ट पर पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 294, 506बी, 34 एवं एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गड्ढों में तब्दील टैंटरा मार्ग हादसे की आशंका
टैंटरा| जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण टैंटरा मार्ग पर हर समय हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि टैंटरा चौराहे पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से यात्री बसों के पलटने का खतरा बना हु्आ है तथा बड़े हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीण इस सड़क मार्ग का मेंटेनेंस कराने के लिए लगातार स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होने से यात्रियों व वाहन चालकों को राहत नहीं रही। मालूम हो कि टैंटरा चौराहे से श्योपुर, शिवपुरी, विजयपुर, वीरपुर जाने रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी इस मार्ग का मेंटेनेंस कराने में उदासीनता बरत रहे हैं।
सुमावली में ब्लॉक कांग्रेस पार्टी का गठन
सुमावली| सुमावली विधान सभा क्षेत्र में पहली बार ब्लॉक कांग्रेस पार्टी का गठन किया गया है। इससे पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह द्वारा सुमावली, बागचीनी व सरायछौला मंडल में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश मावई, राजेंद्र सिंह यादव, राजबहादुर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी व करनी में अंतर है। इसलिए राहुल गांधी के हाथ को मजबूत करें।
शरारती तत्वों से घबराएं नहीं, उन्हें मुंहतोड़ जवाब दें छात्राएं: स्वीटी
अंबाह | छात्राएं शरारती तत्वों से घबराएं नहीं, बल्कि उनका मुंहतोड़ जवाब दें। छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस आपके साथ है। यह बात रविवार को जनपद सभागार में आयोजित महिला सशक्तिकरण पर आयोजित संगोष्ठी में सब-इंस्पेक्टर स्वीटी राजावत कह रहीं थीं। इस संगोष्ठी में सशक्त वाहिनी अभियान से जुड़ी आधा सैंकड़ा छात्राओं ने भाग लिया। संगोष्ठी का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष रामसिंह तोमर ने की। इस अवसर पर महिला सशक्तीकरण अधिकारी सरिता चतुर्वेदी, तहसीलदार सर्वेश यादव, अजय प्रताप सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
चंदपुरा में पेयजल संकट, 3 किमी दूर से पानी ला रहे ग्रामीण
सुमावली| ग्राम पंचायत सिगौरा के मंजरा चंदपुरा में गर्मी के दिनों में जल संकट गहराया हुआ है। इस गांव में रहने वाले 500 परिवार को पीने का पानी लेने के लिए तीन किलोमीटर दूर स्थित आसन नदी जाना पड़ रहा है। पेयजल संकट के पीछे मुख्य वजह यह है कि वर्तमान में गांव के हैंडपंप खराब पड़े हैं, वहीं जलस्तर गिरने से कुओं में पानी नहीं रहा। ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल संकट दूर करने के लिए विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार द्वारा छह माह पूर्व बोर खनन कराया गया था, लेकिन ठेकेदार द्वारा पानी सप्लाई करने अब तक पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है।
युवाओं की प्रगति का प्लेटफार्म है युवा मोर्चा: भदौरिया
अंबाह | युवा मोर्चा में भारतीय पार्टी की न केवल जान बसती है, बल्कि युवाओं की प्रगति का प्लेटफार्म है मोर्चा। इसलिए मेरी कोशिश होगी कि अंबाह-पोरसा क्षेत्र का हर युवा मोर्चा से जुड़कर युवाओं के उत्थान व समाज में समरसता स्थापित करने का काम करे। इसके लिए मोर्चा के स्तर पर व्यापक अभियान संचालित किया जाएगा। यह उद्गार युवा मोर्चा के अध्यक्ष गोलू भदौरिया रविवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त कर रहे थे।