- Hindi News
- National
- 8 साल से बंद शक्कर कारखाना लीज पर देंगे, सहारनपुर की कंपनी ने दिया प्रस्ताव
8 साल से बंद शक्कर कारखाना लीज पर देंगे, सहारनपुर की कंपनी ने दिया प्रस्ताव
शक्कर कारखाने को फिर से चालू कराने की प्रक्रिया शुरू।
कारखाना शुरू होने से 10 हजार किसानों को मिलेगा लाभ
शक्कर कारखाना शुरू होने से जौरा, सबलगढ़ व विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के 10 हजार गन्ना किसानों को लाभ होगा। कारखाना को चलाने के लिए कम से कम 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ना की फसल उगाई जाएगी। गन्ना के रेट अच्छे होने से किसानों को इस फसल को उगाने पर अच्छा लाभ होता है। कृषि क्षेत्र के लोग गन्ना को कैश क्रॉप भी कहते हैं। आठ साल से कारखाना बंद होने के कारण जिले में बड़ी मुश्किल से 400 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ना उगाया जा रहा है।
सहारनपुर के संभावी एसोसिएट से 23 को चर्चा
सहारनपुर के संभावी एसोसिएट ने कैलारस के सहकारी शक्कर कारखाना को पीपीपी मोड पर चलाने में रुचि दिखाई है। कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट आरके मिश्रा 23 अप्रैल को इस विषय पर चर्चा के लिए चंबल आयुक्त से मुलाकात करेंगे। दोनों पक्षों को एक दूसरे के नियम व शर्तें रास आए तो विधानसभा चुनाव से पहले सरकार, सहारनपुर की इस कंपनी को कारखाना चलाने के लिए अनुबंधित कर सकती है। संभावी एसोसिएट देश का एक बड़ा ग्रुप है जो बिजनेस के कई क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहा है। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि यह कंपनी कारखाना के संचालन को बेहतर आयाम दे सकेगी।
400 कर्मचारियों को मिलेगा रोजगार
कैलारस शक्कर कारखाना शुरू होने से 400 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसमें नई कंपनी 40 फीसदी पुराने कर्मचारियों को रोजगार पर बुलाएगी। तकनीकी काम-काज के लिए नए कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी। वहीं 2013 के विधानसभा चुनाव से पहले सबलगढ़ व कैलारस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की थी कि सबलगढ़ व जौरा सीट पर भाजपा जीती तो शक्कर कारखाना को चालू कराया जाएगा।
चार बड़े बाजार होंगे गुलजार
सहकारी शक्कर कारखाना शुरू होने के बाद करोड़ों रुपए का ट्रांजक्शन, कैलारस, जौरा, सबलगढ़ व विजयपुर के बाजारों में फिर से शुरू होगा। इससे चार बड़े बाजार गुलजार होंगे। अभी आठ साल से इन चार बाजारों की रंगत फीकी बनी हुई है। क्योंकि कैलारस में सीमेंट पत्थर खदान का काम भी एक दशक से बंद हो गया है।
संभावी एसोसिएट को चर्चा के लिए मुरैना बुलाया है
कैलारस शक्कर कारखाना को फिर से चलाने के लिए दो कंपनियों से बातचीत चल रही है। 23 अप्रैल को सहारनपुर की संभावी एसोसिएट को चर्चा के लिए मुरैना बुलाया है। डा.एमके अग्रवाल, आयुक्त चंबल संभाग