गांव बलवंती के सरपंच कविंद्र ढुल के पिता राजेंद्र के खिलाफ सदर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। आरोप है कि राजेंद्र ने गांव के बाइक सवार व्यक्ति को कार से कुचलकर उसकी हत्या का प्रयास किया। राजेंद्र सिंह कांग्रेस कार्यकर्ता हैं और रणदीप सिंह सुरजेवाला के काफी करीबी हैं। उनके खिलाफ केस दर्ज होने के बाद गुरुवार दोपहर कांग्रेसी लघु सचिवालय पहुंच गए और जमकर रोष जताया। जांच की मांग करते हुए डीसी को ज्ञापन दिया। साथ ही चेतावनी दी है कि निष्पक्ष जांच न हुई तो रणदीप सुरजेवाला को साथ लेकर लघु सचिवालय का घेराव करेंगे।
राजेंद्र पर ये हैं आरोप : सदर थाना पुलिस ने बलवंती निवासी राकेश कुमार की शिकायत पर गुरुवार को सरपंच के पिता राजेंद्र के खिलाफ हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी देने व मारपीट का केस दर्ज किया था। पुलिस को दी शिकायत में राकेश का आरोप है कि मंगलवार वह भतीजे के कागजात पर हस्ताक्षर करवाने के लिए सरपंच के घर गए थे। जहां सरपंच के पिता राजेंद्र ने गालियां दी और कागजात फाड़ दिए। जिस पर मैंने कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया। आरोप है कि गुरुवार वह गांव क्योड़क से घर जा रहा था। रास्ते में राजेंद्र ने रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से वह सड़क पर गिर गया और संभलने का प्रयास करते उठने लगा तो राजेंद्र ने कार को बैक लेकर दोबारा टक्कर मारी जिससे वह कार के बोनट पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और भाग गया।
सरपंच बोला-पिता ने कार दौड़ाकर बचाई जान
लघु सचिवालय में प्रदर्शन कर डीसी को ज्ञापन देने पहुंचे कांग्रेसी नेता सुदीप सुरजेवाला, बलवंती के सरपंच कविंद्र ढुल, रामनिवास मित्तल, दर्शन खनौदा ने कहा कि बदले की भावना से केस दर्ज किया है। कुछ लोग गांव में हो रहे विकास कार्यों से खुश नहीं है। सरपंच द्वारा एसपी व पुलिस को शिकायत और तथ्य देने के बावजूद सरपंच को कार्य नहीं करने दिया जा रहा। बिना जांच किए हत्या के प्रयास की धारा लगा दी। सरपंच का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसके पिता की ही हत्या का प्रयास किया। जिन्होंने कैथल की तरफ कार दौड़ाकर अपनी जान बचाई।
कैथल | बलबंती के सरपंच के पिता के पक्ष में बताते सुदीप सुरजेवाला व अन्य।