पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सुबह 4 बजे कचरा उठा रही पुलिस प्रशासन की टीम से भिड़े हड़ताली कर्मी, टीपरों में तोड़फोड़ हवा निकाली, 48 हिरासत में, 6 घंटे बाद छोड़े

सुबह 4 बजे कचरा उठा रही पुलिस प्रशासन की टीम से भिड़े हड़ताली कर्मी, टीपरों में तोड़फोड़-हवा निकाली, 48 हिरासत में, 6 घंटे बाद छोड़े

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
11 दिन से चल रही नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में कचरे के ढेर लग गए हैं। प्रशासन ने सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से पुलिस सुरक्षा के बीच रविवार सुबह 4 बजे शहर में कचरा उठाने का कार्य शुरू किया तो मौके पर पहुंचे हड़ताली कर्मचारी प्रशासन के साथ भिड़ गए और करनाल रोड पर कचरा उठान बंद करा दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के साथ हड़ताली कर्मियों की कई बार झड़प भी हुई। हड़ताली कर्मियों ने सुबह होते ही अम्बाला रोड पर कचरा लेने के लिए खड़ी नप की आधा दर्जन टीपरों में तोड़फोड़ कर किसी की हवा तो किसी का पहिया ही निकाल दिया इसमें एक जेसीबी भी शामिल है।

वहां काम कर रहे कर्मियों के साथ मारपीट की। पुलिस ने तोड़फाेड़ करने के आरोप में करीब 8 महिलाओं समेत 48 हड़ताली कर्मियों को हिरासत में लिया है। जिन्हें करीब 6 घंटे बाद रिहा कर दिया गया। पुलिस ने 48 हड़ताली कर्मियों काे नामजद कर 70-80 अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

कैथल | हड़ताली कर्मचारियों ने आरकेएसडी कॉलेज के सामने वाहनों में तोड़फोड़ कर कचरा बिखेर दिया।

48 नामजद समेत 80 कर्मचारियों पर केस

पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ा : सुबह करीब 4 बजकर 20 मिनट पर पुलिस ने पेहवा चौक से लघुसचिवालय की ओर जा रहे करीब 50 हड़ताली कर्मचारियों को रोकना चाहा। जाट स्कूल से पहले ही सड़क पर पुलिस ने डंडों व लाठियों से सुरक्षा घेरा बनाकर आगे जाने से रोका। काफी देर तक हड़ताली कर्मी नारेबाजी करते रहे। आधा घंटा इंतजार के बाद सभी कर्मचारियों ने पुलिस कर्मियों को धक्के मार सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे निकल गए। पुलिस हड़ताली कर्मियों के पीछे लघुसचिवालय की ओर बढ़ी तो जाट स्कूल के साथ लगती सड़क पर हड़ताली मुड़ गए। यहां से अम्बाला रोड गए जहां कुछ सामाजिक संस्थाओं के लोग कचरा उठान करा रहे थे। हड़तालियों ने सफाई का काम बंद करा दिया। इसके बाद वापस पेहवा चौक, कमेटी चौक होते हुए वाल्मीकि चौक तक गए। करीब सात बजे तक शहर की सड़कों पर पुलिस प्रशासन की हड़तालियों ने खूब परेड कराई।

प्रशासन की ओर से सफाई कार्य में लगाए कर्मचारियों के साथ मारपीट करने, वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में शहर पुलिस ने नगर परिषद के 48 हड़ताली कर्मियों को नामजद करते हुए 70-80 अन्य 148, 149, 323, 341, 427, 506, 3 पीडीपीटी एक्ट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने नामजद 48 को हिरासत में लिया था जिन्हें बाद में रिहा कर दिया। -आस्था मोदी, एसपी, कैथल

10 जगहों से उठवाया कचरा : एक तरफ हड़ताली कर्मी कचरा उठान कार्य बंद कराते रहे वहीं प्रशासन ने गुपचुप तरीके से शहर की दस जगहों से कूड़े के ढेर उठवाए। सुबह करीब चार बजे ही प्रशासन द्वारा सफाई अभियान चलाने के लिए डीसी सुनीता वर्मा ने कमान संभाली। उनके नेतृत्व में एसडीएम कमलप्रीत कौर, तहसीलदार रविंद्र मलिक, नप ईओ विक्रम सिंह, सचिव कुलदीप मलिक, डीएसपी रामकुमार व तरुण कुमार सैनी पुलिस बल के साथ कार्रवाई को निकले। समाज सेवी शिव शंकर पाहवा, डॉ. मान, सतपाल गुप्ता, एडवोकेट पुनीत चौधरी समेत सामाजिक संस्थाओं के लोग भी मौजूद रहे। अभियान में नगर परिषद द्वारा 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 10 छोटे स्वच्छता वाहन, एक बड़ा डंपर, दो जेसीबी तथा 50 से ज्यादा सफाई कर्मचारी लगाए गए थे। अमले ने पहले जाट कॉलेज के समीप कचरे को उठवाया।

प्रशासन ने सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सफाई अभियान चलाकर करीब 10 जगहों से कचरा उठवाया। हड़ताली कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर भी पुलिस प्रशासन ने संयम बरता है। लोगों के सहयोग से सफाई अभियान जारी रहेगा। -सुनीता वर्मा, डीसी, कैथल

खबरें और भी हैं...