पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आधी रात पुलिस सुरक्षा में प्रशासन ने उठवाया कचरा, हड़ताली कर्मियों ने डीसी निवास घेरा

आधी रात पुलिस सुरक्षा में प्रशासन ने उठवाया कचरा, हड़ताली कर्मियों ने डीसी निवास घेरा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
देर रात करीब साढ़े 12 बजे प्रशासन ने शहर में आठ जगहों से कुछ कचरे काे उठवाया। इसकी भनक हड़ताली कर्मियों को लग गई। प्रशासन पुलिस सुरक्षा में आईजी कॉलेज के पास से कचरे का उठान कर रहा तभी रात को ही धरनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने साथी कर्मचारियों को बुलाया।

सभी कर्मचारी नगर परिषद में एकत्र हुए। यही से कर्मचारी प्रदर्शन करते निकले। पेहवा चौक पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेट लगाकर रोकने का प्रयास किया लेकिन कर्मचारी रुके नहीं और धक्का-मुक्की करते आगे निकल गए। जब तक कर्मचारी आईजी कॉलेज के पास पहुंचे प्रशासन जा चुका था। इसके बाद हड़ताली कर्मचारी ब्लॉक कैथल प्रधान रामशरण, प्रदेश सह महासचिव शिव चरण के नेतृत्व में प्रदर्शन करते डीसी निवास पहुंचे और घेराव किया। यहां कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी कर्मचारी कुरुक्षेत्र रोड से नारेबाजी कर रात करीब दो बजे वापस नगर परिषद पहुंचे। प्रदेश सह सचिव शिव चरण ने कहा कि कर्मचारी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहा है। प्रशासन उनको भड़काने का प्रयास कर रहा है। वे किसी भी कीमत पर कचरे का उठान नहीं होने देंगे और खुलकर विरोध करेंगे।

प्रदेश सह सचिव नपा कर्मचारी संघ शिव चरण ने बताया कि प्रशासन ने कचरा उठाने का प्रयास किया था। कर्मचारियों को पुलिस ने रोकने का भी प्रयास किया लेकिन प्रशासन अपने मकसद में सफल नहीं हो सका। वे किसी भी कीमत पर कचरे का उठान नहीं होने देंगे। तहसीलदार एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट रविंद्र मलिक ने बताया कि हमने आठ स्थानों से कचरे का उठान किया। जब कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया तब तक प्रशासन जा चुका था। आगे भी अभियान जारी रहेगा।

कचरा उठाने की सूचना पर करनाल रोड पर प्रदर्शन करते हड़ताली कर्मचारी।

तहसीलदार रहे ड्यूटी मजिस्ट्रेट

सरकार के आदेश पर डीसी सुनीता वर्मा ने सफाई के लिए तहसीलदार रविंद्र मलिक को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर भेजा गया। उनके साथ डीएसपी रामकुमार सतीश गौतम तथा भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। पुलिस सुरक्षा की मौजूदगी में ही प्रशासन ने आठ प्वाइंटों से कचरे का उठान किया। हालांकि कर्मचारियों का दावा है कि उनके प्रदर्शन के चलते प्रशासन कहीं से भी कचरे का उठान नहीं कर पाया। प्रशासन का दावा है कि इस तरह सफाई अभियान अब रोज चलेगा।



खबरें और भी हैं...