पीने के पानी की समस्या को लेकर चंदाना गेट स्थित शिव नगर वासियों ने चंदाना गेट के पास सड़क जाम कर दी। 40 मिनट तक लगे जाम से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस व पब्लिक हेल्थ के जेई अरविंद मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि दो दिन में समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
जाम लगा रही शिव कॉलोनी की महिला मिसरी, कैलाशो, मनू देवी, रमेश, संदीप व पिरथी ने बताया कि उनकी कॉलोनी में एक सप्ताह से पीने के पानी की दिक्कत है। पानी न आने से आसपास की कॉलोनियों से पानी लेकर आना पड़ता है। इस बारे में विभाग के अधिकारियों को भी शिकायत दे चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। मजबूरी में उन्हें जाम लगाने का फैसला किया और दोपहर बाद रामलीला ग्राउंड से चंदाना गेट की ओर जा रही सड़क जाम कर दी। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कॉलोनीवासियों ने जाम खोलने से मना कर दिया। इसके बाद जेई अरविंद्र मौके पर आए और जाम दो दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
पानी की समस्या को लेकर चंदाना गेट पर जाम लगाते शिव नगर कॉलोनी निवासी।