गांव ट्योंठा में शराब ठेकेदार पर हमला करके चार बाइकों पर आए दर्जभर युवक एक लाख 65 हजार रुपए लूटकर ले गए। ठेकेदार ने पूंडरी थाना में सात लोगों के खिलाफ नामजद व कुछ अन्य के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
गांव बरसाना के रहने वाले सतपाल ने बताया कि उसने पार्टनरशिप में गांव बरसाना, रसीना व ट्योंठा में शराब के ठेके लिए हुए हैं। शुक्रवार को कैथल से शराब लेने के लिए वह मटरवाखेड़ी के रहने वाले सतपाल और बरसाना के प्रदीप के साथ गाड़ी में जा रहा था। ट्योंठा ठेके से जब वे गाड़ी में वापस बैठने लगे तो अचानक तीन-चार बाइकों पर ट्योंठा के रहने वाले बिटू, एक अन्य बिटू, शोकी, नरेंद्र, जतिंद्र, ईश्मा व रोहताश व उनके साथी वह आ गए। सतपाल का आरोप है कि युवकों ने गाड़ी के सामने बाइक लगाकर उन पर तलवार व डंडों से हमला बोल दिया। हमला करके आरोपी उनसे कैश बैग छीनकर फरार हो गए। जिसमें एक लाख 65 हजार रुपए थे। पूंडरी थाना एसएचओ अमन बैनीवाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।