शुक्रवार रात पुलिस की ओर से जिलेभर में नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। एसपी सहित सभी पुलिस अधिकारियों ने सड़कों पर गश्त की, लेकिन पुलिस का अभियान शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले ही बदमाश शहर में पिस्तौल के बल पर पुलिसकर्मी से ही कार लूटकर फरार हो गए। वारदात अमरगढ़ गामड़ी के पास हुई। आरोपियों को काबू करने के लिए शहर में नाकाबंदी भी की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
असंध में हेड कांस्टेबल के तौर पर कार्यरत सुरजीत ने बताया कि शहर के एक निजी अस्पताल में उसका रिश्तेदार दाखिल है। जिसे मिलने के लिए वह कैथल आया था। रात साढ़े आठ बजे अमरगढ़ कॉलोनी में जाने के लिए जाट स्कूल ग्राउंड के नजदीक वाली सड़क से गुजर रहा था। अचानक आए दो युवकों ने कार के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने देसी कट्टा के बल पर उसकी स्विफ्ट डिजायर कार लूटी और फरार हो गए। एक बदमाश कार लेकर भागा जबकि दूसरा बाइक पर। मामले की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सिविल लाईन थाना एसएचओ धर्मपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही नाकाबंदी कर दी थी। अमरगढ़ कॉलोनी रोड पर दुकानों के सामने लगे कैमरों की फुटेज लेकर आरोपियों को ढूंढने का प्रयास जारी है।