शहर की सरकार (नगर परिषद) ने कचरा उठान न होने के 11वें दिन हाउस की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। इसमें कांग्रेसी व भाजपाई पार्षदों ने एकमत होते हुए निर्णय व प्रस्ताव पास किए। चार घंटे तक चली बैठक में साढ़े तीन घंटे तक पार्षदों ने केवल शहर की गंदगी को उठाने के लिए अपने तर्क दिए। अंत के आधे घंटे में निर्णय पर पहुंचते हुए छह प्रस्ताव पास किए गए। इनमें ठेकेदार का ठेका रद्द किया गया। 140 कर्मियों को काम से हटाया गया। शहर में विकास कार्यों को शामिल किया गया। साथ ही निर्णय लिया कि वार्ड वाइज एक कमेटी का गठन किया जाएगा। जो ऐसी इमरजेंसी में कचरा उठाने में सहयोग करेगी। साथ ही प्रशासन से मिलकर शहर में सफाई अभियान चलाया जाएगा। उधर प्रशासन ने रविवार सुबह 4 बजे पुलिस पहरे में कचरा उठाने का निर्णय लिया है। इस अभियान में भी पार्षद सहयोग करेंगे।
बता दें कि 23 अप्रैल को खुराना रोड स्थित किसानों ने धरना देकर डंपिंग क्षेत्र पर कचरा डालना बंद करवा दिया था। नौ मई को कर्मियों ने नगर परिषद के गेट पर धरना शुरू कर दिया और कचरे का उठान बंद कर दिया। 11 दिनों में शहर की सड़कों पर डलने वाला करीब 770 टन कचरा शहवासियों के घरों में वापस घुस रहा है। इसी बात को देखते हुए सूर्यकुंड के मीटिंग हॉल में सुबह करीब 11 बजे नगर परिषद की इमरजेंसी बैठक हुई। चार घंटे की चर्चा के बाद समाधान का रास्ता निकलते हुए छह प्रस्ताव पास किए गए।
हर पार्षद के 2-2 सफाई कर्मी थे: ठेके पर 140 सफाई कर्मी लगाए हुए थे। जो ठेका खत्म होने के साथ ही हटाए गए। इनमें से 30 कर्मियों को हुडा सेक्टरों व मॉडल टाउन में लगाया हुआ था। हर पार्षद के पास दो-दो कर्मी लगाए थे। बाकी कर्मियों को अलग-अलग वार्डों में जरूरत के अनुसार लगाया हुआ था।
23 चयनित व 3 मनोनित ने लिया हिस्सा: वार्ड 2 के पार्षद विनोद सोनी, वार्ड 3 के पार्षद महेंद्रो देवी, वार्ड 4 के पार्षद निशा रानी, वार्ड 6 के पार्षद कुलदीप सैनी, वार्ड 9 के पार्षद बबीता मित्तल, वार्ड 10 के पार्षद पूजा अग्रवाल, वार्ड 11 के पार्षद हरजेंद्र सिंह, वार्ड 12 के पार्षद शशि किरण, वार्ड 14 के पार्षद दीपक शर्मा, वार्ड 15 के पार्षद सुनीता, वार्ड 16 के पार्षद सीमा कश्यप, वार्ड 18 के पार्षद रेखा सिंगला, वार्ड 19 के पार्षद प्रवीन कुमार, पार्षद नरेश मित्तल, वार्ड 23 के पार्षद गोविंद कुमार, वार्ड 24 के पार्षद महेंद्र थरेजा, वार्ड 25 के पार्षद पवन थरेजा, वार्ड 26 के पार्षद संतोष देवी, वार्ड 27 के पार्षद तृप्ता सचदेवा, वार्ड 28 के पार्षद मोहन लाल शर्मा, वार्ड 29 के पार्षद विरेंद्र कुमार, वार्ड 30 के पार्षद यशपाल प्रजापत, मनोनित पार्षद बृजमोहन गुप्त, रमेश गुप्ता, डॉ. जितेंद्र ठकराल बैठक में मौजूद रहे।