पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गद्दी विवाद: दिनभर चली बातचीत नहीं निकला समाधान, आज फिर पंचायत

गद्दी विवाद: दिनभर चली बातचीत-नहीं निकला समाधान, आज फिर पंचायत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गांव बाबा लदाना स्थित डेरा राजपुरी में महंत को गद्दीनशीन करने को लेकर तनाव बरकरार है। सोमवार दोपहर ग्रामीणों की पंचायत हुई लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। कुछ ग्रामीण संत दूज पुरी को व कुछ संत प्रेम पुरी को महंत बनाने के पक्ष में हैं। दोनों संत डेरे में मौजूद हैं और दोनों ही पक्ष अपनी पसंद के संत को गद्दीनशीन देखना चाहते हैं। गद्दी का यह विवाद पुलिस व प्रशासन के लिए सिरदर्द बन चुका है।

गुटबाजी में लड़ाई झगड़ा होने के डर से सदर थाना एसएचओ मुनीष कुमार सहित 30 से ज्यादा पुलिसकर्मी कई दिनों से डेरे में पड़ाव डाले हैं। मामले में मंगलवार को तहसीलदार की मौजूदगी में डेरे में दोनों गुटों के बीच सुबह 11 बजे पंचायत होनी थी। पंचायत में संत दूज पुरी पक्ष के श्रद्धालु व तहसीलदार नहीं पहुंचे। बताया गया कि तहसीलदार कोर्ट केस के सिलसिले में व्यस्त हैं। डेरा में मौजूद ग्रामीणों के अनुसार कमेटी सदस्यों को भी बुलावा भेजा था लेकिन वे नहीं पहुंचे। संत प्रेमपुरी पक्ष के श्रद्धालु दोपहर बाद तक पेड़ों के नीचे बैठकर पंचायत होने का इंतजार करते रहे।

समय एक बजकर 20 मिनट पर सदर थाना एसएचओ ने डेरे में मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कि तो ग्रामीणों ने कहा कि वे संत प्रेमपुरी को महंत बनाए रखना चाहते हैं। संत दूज पुरी एक बार खुद ही गद्दी छोड़कर जा चुके हैं, इसलिए अब उन्हें गद्दी नहीं लेनी चाहिए। उन्होंने कमेटी का गठन दूजपुरी को दोबारा गद्दी पर बैठाने के लिए नहीं किया था। ग्रामीणों ने कहा कि वे एक बार दूजपुरी से बात करना चाहते हैं, लेकिन सुरक्षा लिहाज से पुलिस ने ग्रामीणों को संत दूजपुरी के पास नहीं जाने दिया। इसके बाद दोपहर बाद दोबारा पंचायत हुई, लेकिन फिर भी कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। बुधवार को भी इस मामले में पंचायत होगी। संत दूजपुरी ने बताया कि वे 14 साल की उम्र में ही डेरा राजपुरी में आ गए थे। अब 38 साल के हो चुके हैं और इतने समय तक यहीं पर रहकर तपस्या व भक्ति की। ग्रामीणों ने ही उन्हें महंत बनाया और चादर सौंपी थी। पंचायत व गांव वाले जो फैसला लेंगे वो उन्हें मंजूर होगा। उनका किसी के साथ कोई झगड़ा नहीं है। यदि ग्रामीणों को लगता है कि कोई संत मठ का उनसे अच्छा संचालन कर सकता है तो ग्रामीणों का फैसला मानेंगे।

कैथल|गांव बाबा लदाना में गद्दी विवाद को लेकर डेरे में पहुंचे प्रेम पुरी महंत पक्ष के लोग।

गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स गांव में तैनात की गई है। महंत की गद्दी को लेकर ग्रामीणों को ही निर्णय लेना है। पुलिस सिर्फ सुरक्षा लिहाज से डेरे में लगाई गई है। मुनीष कुमार, एसएचओ सदर थाना

खबरें और भी हैं...