स्मार्टफोन से रोगी बन रहे लोग : डाॅ. विनय
कैथल | दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में सरकारी अस्पताल के मनोरोग विभाग की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका लक्ष्य स्कूली छात्रों को विभिन्न प्रकार की मानसिक बीमारियों और उनके लक्षणों के बारे में बताना था। विभाग के मॉनिटरिंग एंड इवेल्यूएशन ऑफिसर डॉ. विनय गुप्ता ने बच्चों को स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के बढ़ रहे दुष्प्रभावों के बारे जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन और सोशल मीडिया की लत लोगों में धीरे धीरे ऑबसेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (मनोरोग बाध्यता विकार) विकसित कर रहा है जो की एक गंभीर मानसिक रोग है। साइकैट्रिस्ट प्रीति सिरोही ने पॉवरपव्यांट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बच्चों को मानसिक रोगों और उनके प्रति समाज में फैले अंधविश्वासों के बारे में जागरूक किया। सभी प्रकार के मनोरोगियों के लिए सरकारी अस्पताल कैथल में निशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं उपचार उपलब्ध है। स्कूल के प्रिंसिपल रोनी टॉमस ने बताया कि कैसे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है।