दस्तावेजों की कमी बता कर मार्केट कमेटी ने नई व पुरानी अनाज मंडी के 400 आढ़तियों के लाइसेंस रिन्यूवल पर रोक लगा दी है। आढ़तियों का कहना है कि कमेटी जानबूझ कर उन्हें परेशान कर रही है। जब उन्होंने पहले कमेटी में आवेदन कर लाइसेंस बनवाए तो अब किस आधार पर रिन्यू करने पर रोक लगाई जा रही है। मामले को लेकर नई अनाज मंडी के लक्ष्मी-नारायण मंदिर में प्रधान कृष्ण पाई की अध्यक्षता में मीटिंग हुई। मीटिंग में आढ़तियों ने भेजे गए नोटिसों को गलत बता पूरे मामले में हाईकोर्ट में अपील दायर करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया है। बैठक में श्रवण गोयल, जगदीश सिंगला, ईश्वर जैन, पवन बंसल, श्याम लाल, सुरेश बालू, अरुण गर्ग, राजेश गोयल, मुकेश कुमार, रामा तितरम, जय किशन, जसमेर ढांडा व महाबीर सहित अन्य आढ़ती उपस्थित रहे।
लाइसेंस रिन्यू पर इसलिए विवाद नई अनाज मंडी में इस समय 137 दुकानें व 50 बूथ हैं। इस हिसाब से यहां 187 लाइसेंस होने चाहिए लेकिन यहां 675 लाइसेंस बने हैं। इसी प्रकार पुरानी अनाज मंडी में 100 दुकानें व 50 बूथ हैं। यहां 200 लाइसेंस बने हैं, नियमानुसार 150 करीब लाइसेंस बनने चाहिए। इसी को लेकर विवाद है।
नई अनाज मंडी प्रधान कृष्ण पाई ने कहा कि जब पहले उन्हीं दस्तावेजों पर लाइसेंस बने तो अब रिन्यू क्यों नहीं हो सकते। 400 आढ़तियों को दस्तावेज पूरे करने के नोटिस भेजे हैं। वे मामले को लेकर सोमवार को हाईकोर्ट में जाएंगे। मार्केट कमेटी सचिव कैथल मंजीत सिंह ने कहा कि दस्तावेजों की कमी के कारण आढ़तियों को नोटिस भेजे हैं। 30 मई का समय दिया है। नियमानुसार 10 गुणा 85 की दुकान पर 1 लाइसेंस बन सकता है। यहां एक दुकान पर दो-तीन लाइसेंस बने हैं जो भी उचित दस्तावेज प्रस्तुत करेगा उसका लाइसेेंस रिन्यू हो जाएगा।
रिन्यूअल को लेकर हर साल दिक्कत
आढ़तियों को हर साल लाइसेंस रिन्यू करवाने पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों व मंत्रियों के चक्कर लगाने के बाद भी इसका उचित समाधान नहीं हो रहा है। आढ़तियों का कहना है कि इस तरह का विवाद मात्र कैथल में है। कलायत, चीका व प्रदेश की अन्य मंडियों में ऐसी कोई समस्या नहीं है। आढ़तियों ने लाइसेंस रिन्यू करवाने के लिए जहां हाईकोर्ट में केस डालने की तैयारी की है वहीं गुरुवार से मार्केट कमेटी में धरना देकर प्रदर्शन की घोषणा कर दी है। आढ़तियों ने कहा-जब तक लाइसेंस रिन्यू नहीं होते, धरना जारी रहेगा।
मार्केट कमेटी का नियम : मार्केटिंग बोर्ड के नियमानुसार 10 गुणा 85 की दुकान पर एक लाइसेंस बन सकता है। लेकिन आढ़तियों ने एक ही दुकान पर दो या तीन लाइसेंस बना लिए। लाइसेंस रिन्यू करवाते समय आढ़तियों को रिन्यूवल फार्म के साथ दुकान का मालिकाना या रेंट के दस्तावेज व फीस जमा करवानी होती है। आढ़तियों ने एक ही दुकान की रजिस्ट्री की कॉपी तीन-तीन लाइसेंस के रिन्यू के साथ लगाई जिसे नियमों की अवहेलना बता मार्केट कमेटी रिन्यूवल रोकते हुए करीब 400 आढ़तियों को कागजात पूरे करने का समय दिया है। यह समय 30 मई तक है। अगर ऐसा न हुआ तो कमेटी मार्केटिंग बोर्ड से दिशा निर्देश के लिए लिखेगा। उसके बाद रिन्यू करना है या नहीं बोर्ड तय करेगा।
मीटिंग में बोलते मंडी प्रधान।