बिजली कटों से परेशान चंदाना गांव के ग्रामीणों व महिलाओं ने गुरुवार को गांव स्थित सब स्टेशन 33 केवी पर ताला लगाकर रोष जताया। ग्रामीणों ने कहा कि वे गर्मी से परेशान हो रहे हैं। बिना लाइट के पानी की समस्या बनी हुई है। रात को बिजली कट होने से बच्चे व बड़े सो नहीं पाते। जबकि पावर हाउस से जुड़े सैलर में निगम अधिकारियों द्वारा 24 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है। उन्होंने गांव में सब स्टेशन लगाने के लिए जमीन इसलिए दी थी कि गांव में 24 घंटे बिजली मिलेगी। लेकिन बिजली निगम के कर्मचारी अघोषित कट लगाकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। ताला लगाने की सूचना पाकर निगम के एसडीओ राहुल व जेई मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। इस मौके पर ग्रामीण बिल्लू चंदाना, भलेराम, रामफल, दीपक, संदीप, रघुबीर, सोनू, मनोज, माया, छन्नो, धनकेसरी, प्रेमो, बोहती, बेदो ने बताया कि रात को लगातार 6 घंटे तक बिजली कट लग रहे हैं।
बुधवार रात को सारी रात लाइट गुल रही। उन्होंने निगम अधिकारियों को तीन दिन का समय देते हुए कहा कि या तो गांव की लाइट बढ़ाओ ,नहीं तो पावर हाउस हटाओ। जिला परिषद की सदस्य बबली चंदाना व सरपंच बिमला देवी ने मांग की है कि गांव में निर्बाध बिजली सप्लाई मुहैया कराई जाए। कहा कि गांव के अधिकतर ग्रामीण बिजली बिल भरते हैं, उसके बावजूद भी कटौती करना गलत है।
बिजली घर पर ताला जड़ने के बाद प्रदर्शन करते लोग।