पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते 490 टन कचरा सड़कों पर फैला

सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते 490 टन कचरा सड़कों पर फैला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
वार्ड चार की पार्षद निशा गर्ग ने वार्ड के लोगों के साथ मिलकर वार्ड में सात दिन तक हड़ताल खुलने का इंतजार करने के बाद मंगलवार को सफाई शुरू कर दी लेकिन हड़ताली कर्मियों ने इसका विरोध कर दिया। सफाई अभियान के कुछ देर बाद छज्जु कुंड के पास 10-15 हड़ताली महिलाएं व पुरुष पहुंंच गए और पार्षद के अभियान को ड्रामा बताया जवाब में पार्षद बोलीं-सफाई उनकी जिम्मेदारी है हम हड़ताल में बाधा नहीं डाल रहे आप भी हमारे काम में बाधा न डालें। काफी बहस के बाद कर्मचारी चले गए। उधर वार्ड 14 में पार्षद दीपक शर्मा ने स्वयं टिपर चलाकर डोर टू डोर कचरा उठाया ताकि सड़कों पर कचरा न आए।

पार्षद निशा गर्ग ने कहा कि हम किसी के विरोध में नहीं हैं। सफाई अभियान में पार्षद प्रतिनिधि संजय गर्ग, वार्डवासी राजेंद्र, हार्दिक गर्ग, अरुण, सुनीता, अमन, दीपू, दीपांशू, मधु, भजन लाल, सतीश कुमार, नीलम, बबीता, किरण, विकास शर्मा सहित अन्य लोग शामिल रहे। नगर पालिका कर्मचारी संघ कैथल ब्लॉक प्रधान रामशरण कल्याण ने कहा कि उन्होंने किसी का विरोध नहीं किया। वार्ड चार में उन्होंने उनकी मांगों का समर्थन करने की अपील पार्षद व वार्डवासियों से की थी।

पार्षद ने चलाया टिपर-महिला पार्षद ने लगाया झाड़ू हड़ताली कर्मी बोले-नंबर बनाने के लिए मत करो ड्रामा

वार्ड 14 पार्षद दीपक शर्मा स्वयं टिपर चला कचरा एकत्र करते हुए।

सचिवालय व बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष के निवास पर प्रदर्शन : राज्य कमेटी के आह्वान पर सातवें दिन नगर पालिका कर्मचारी संघ ने नगर परिषद से सचिवालय व बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मपाल शर्मा के कुरुक्षेत्र रोड ऑफिस पर प्रदर्शन किया। सचिवालय में एसडीएम को मांगों का ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक प्रधान रामशरण कल्याण, उप प्रधान राजेंद्र टांक ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। संघ के उप महासचिव शिव चरण, एसकेएस के जिला प्रधान जसबीर सिंह ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के साथ वादा खिलाफी कर रही है। सरकार ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा दे रही है। जब तक हमारी मांगों का सरकार समाधान नहीं करती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और हर कुर्बानी देने को वे तैयार हैं। शाम के समय बिजली निगम के कर्मचारियों ने नगर पालिका कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में शहर में मशाल जुलूस निकाला। उधर शहर से सात दिनों से कचरे का उठान नहीं हुआ है। प्रशासन व ठेकेदार कर्मचारियों से टकराव नहीं चाहता है, जिस कारण समस्या बढ़ती जा रही है। शहर में इस समय 490 टन कचरा सड़कों पर है और दो दिनों में 140 टन कचरा और बढ़ जाएगा। इससे पूरे शहर परेशान हैं।

विरोध जारी| रात में ठेकेदार के कर्मियांे को भी नहीं उठाने दे रहे कूड़ा

वार्ड 4 में सफाई करतीं पार्षद निशा गर्ग व संजय गर्ग, विरोध करते हड़ताली कर्मी

हड़ताली कर्मचारियों व पार्षद प्रतिनिधि में बहस

हड़ताली कर्मी-आज 12 बजे तक रुको, हमारा निर्णय हो जाएगा। इसलिए मना कर रहे।

पार्षद प्रतिनिधि- बच्चे आपके भी होंगे। बीमार तो सभी हो सकते हैं।

कर्मी-हम तो ऑलरेडी बीमार हैं। दवाई के लिए पैसे नहीं हैं। हमारे बच्चे कहां जाएंगे।

दूसरा कर्मी- कहने का मतलब ये है कि हमको इतने साल हो गए झाडू मारते, अब आपने को झाडू नहीं लगानी। इब आपै नै लाले बनकर दुकानों पर बैठना है।

पार्षद प्रतिनिधि- हां हम झाडू मारेंगे, ठीक है।

कर्मी-आप बोलते क्यों नहीं। डीसी को क्यों नहीं कहते।

पार्षद- भाई आज का अखबार पढ़ा है। इसमें लिखा है कि पार्षद आपके साथ हैं।

कर्मचारी-आप कर लो सफाई, कोई हमारा कर्मचारी नहीं होना चाहिए।

पार्षद प्रतिनिधि- मैं कर रहा हूं सफाई। कोई कर्मचारी हो तो तब कहेंगे आप।

कर्मी-सूखी झाडू मारने से,नंबर बनाने से कुछ नहीं होता।

पार्षद प्रतिनिधि-मैं नंबर नहीं बनाता।

वार्डवासी-हमें कोई नहीं रोक सकता, बस इनके कर्मचारी नहीं होने चाहिए।

पार्षद प्रतिनिधि- इनका कोई कर्मचारी नहीं है। देख लो मेरे बच्चे भी सफाई में लगे हैं।

कर्मी-आपके बच्चे तो ठीक हैं। हमारे बच्चे तो बीमार हैं, संजय भाई। मेरी मां मंजे पर है। हमारे पास दवाई के पैसे नहीं हैं। आप लोग मजाक समझ रहे हो। मेरी बात मजाक न समझो। मैं यकीन दिला रहा हूं इस बात का। हमारे बच्चों को भी आकर देखो।

पार्षद प्रतिनिधि- आप मेरे को भी रोक रहे हो, कमाल की बात है।

कर्मी-मैं रोक नहीं रहा हूं। आप बार-बार कह रहे हो कि मेरे बच्चे भी लगे हैं।

पार्षद प्रतिनिधि- आपके धरने में मैंने कोई इनटरफेयर किया हो तो बताओ।

कर्मी-इनटरफेयर करो ना, धरने पर आओ और बताओ कि हम उनके साथ हैं।

पार्षद प्रतिनिधि-आप अपनी लड़ाई लड़ो और मैं अपनी झाडू मार रहा हूं।

खबरें और भी हैं...