- Hindi News
- National
- कर्मचारियों की हड़ताल : 560 टन कचरा सड़कों पर फैला, पार्षदों ने अपने अपने वार्ड में की सफाई
कर्मचारियों की हड़ताल : 560 टन कचरा सड़कों पर फैला, पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में की सफाई
सरकार व हड़ताली कर्मियों के बीच मांगों को लेकर वार्ता सिरे नहीं चढ़ रही है। आठ दिन से कचरे का उठान व सफाई न होने से शहर की सड़कों-गलियों में 560 टन कचरा एकत्रित हो चुका।
हालात इतने खराब हो चुके कि पार्षद वार्डवासियों के सहयोग से अपने-अपने वार्डों में सफाई का प्रयास कर रहे। आज पार्षद दीपक शर्मा ने धरनास्थल पर जाकर हड़ताली कर्मचारियों को समर्थन दिया। उधर किसान आगजनी का हर्जाना लेने के बाद भी धरने पर हैं।
क्योंकि अभी तक प्रशासन की ओर से कचरा डंपिंग ग्राउंड को तीन माह में शिफ्ट करने का लिखित आश्वासन नहीं मिला है। वार्ड 26 में पार्षद संतोष भोला व एडवोकेट धर्मवीर भोला ने अपने वार्ड में आठ दिन से सफाई न होने पर रुकी नालियों को साफ किया। पार्षद भी सफाई में जुटीं। वार्ड 25 में वार्ड वासी ललित गोयल ने चतरमोहल्ला में नालियों की सफाई की। वार्ड 28 पार्षद मोहन लाल शर्मा ने भी वार्ड में सफाई की। वार्ड चार में कर्मचारियों के विरोध के बावजूद वार्डवासियों ने पार्षद निशा गर्ग के साथ मिलकर दूसरे दिन भी सफाई अभियान चलाया। ऐसा पहली बार हो रहा जब पार्षद स्वयं झाडू लगा रहे हैं और नालियों की सफाई कर रहे हैं।
कैथल |वार्ड 26 में पार्षद संतोष भोला के साथ सफाई करते वार्ड वासी।
9 मई से नप की सभी सुविधाएं ठप
हड़ताल कर्मी प्रतिदिन नगर परिषद के बाहर नारेबाजी कर रोष जता रहे। इससे 9 मई से नगर परिषद की सभी सुविधाएं ठप हैं। लोग जन्म प्रमाण पत्र, डोमिसाइल व आधार कार्ड न बन पाने से परेशान हैं और नप के चक्कर लगाने को मजबूर हैं लेकिन हर रोज हड़ताल के कारण निराश लौट जाते हैं। कैथल शहरी ब्लॉक प्रधान रामशरण कल्याण, विक्की टांक, कृपाल ने बताया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।