आखिर हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर परिषद कैथल के चेयरमैन पद का चुनाव 29 मई को तय हो गया है। एडीसी पार्थ गुप्ता ने तारीख घोषित की। पिछले साल 17 अगस्त को 21 पार्षदों ने संघ की पंसद रहे पूर्व चेयरमैन यशपाल प्रजापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित करवाया था। तब से कांग्रेस के डॉ. पवन थरेजा कार्यकारी प्रधान का जिम्मा संभाल रहे हैं।
नप चेयरमैनी जाने पर भाजपा बीजेपी की बड़ी किरकिरी हुई थी। इसलिए इस बार भाजपा के ऊपर दबाव है। 31 सदस्यीय सदन में पार्टी का 21 पार्षदों के समर्थन का दावा है। हालांकि दस माह में भी पार्टी के नेता व मंत्री पार्षदों को एक नाम पर सहमत नहीं कर पाए। ऑफ द रिकॉर्ड पार्टी के 5 पार्षद चेयरमैन की कुर्सी पर दावा कर रहे हैं हालांकि ऑन रिकार्ड पूछने पर जवाब मिलता है कि संगठन जिसका नाम तय करेगा उसका समर्थन करेंगे।
भाजपा से 5 दावेदारः भाजपा की ओर से वार्ड-2 के पार्षद विनोद सोनी, वार्ड-6 से कुलदीप सैनी, वार्ड-21 से नरेश मित्तल, वार्ड-10 से पार्षद पूजा अग्रवाल और वार्ड-18 से रेखा सिंगला के नाम दौड़ में बताए जाते हैं। सोनी ने प्रजापति के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया था। नरेश मित्तल सीएम के प्रचार से जुड़े रॉकी मित्तल के भाई हैं।
17 अगस्त से खाली है कुर्सी, 31 सदस्यीय सदन में भाजपा के 21 पार्षदों के समर्थन का दावा, कांग्रेस के हाथ 8
राज्यमंत्री के सामने ही कहा भाजपा को ना: राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 8 पार्षदों वाली कांग्रेस वार्ड-9 से पार्षद बबीता मित्तल पर दाव खेल सकती है। इसके पीछे कारण ये भी है कि पार्षद प्रतिनिधि कृष्ण मित्तल ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में भाजपा पार्षदों की बैठक में राज्यमंत्री कृष्ण बेदी के सामने स्पष्ट कर दिया था कि वे भाजपा के साथ नहीं। पिछली बार भी बबीता का नाम कांग्रेस की ओर से चर्चा में था, लेकिन उनकी तरफ से सहमति न मिलने पर वार्ड 28 से पार्षद मोहन लाल को उम्मीदवार बनाया गया था। पार्षद प्रतिनिधि कृष्ण मित्तल बातचीत करने पर बस इतना कहते हैं कि वे भाजपा के साथ नहीं हैं।
भाजपा नेताओं ने होटल में बनाई रणनीतिः सोमवार देर रात भाजपा समर्थित पार्षदों ने होटल में चुनाव को लेकर रणनीति बनाई। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राव सुरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, वन विभाग के चेयरमैन अरुण सर्राफ, पूर्व विधायक लीला राम, जिला महामंत्री संजय भारद्वाज, रामपाल राणा शामिल रहे। बैठक में 21 पार्षदों में से चार पार्षद नहीं पहुंचे। बैठक में सभी पार्षदों को एक नाम पर सहमत करने का प्रयास किया गया। जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ने दावा किया कि चेयरमैन भाजपा का ही बनेगा। हाईकमान से चर्चा के बाद नाम फाइनल होगा।