गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली की साइड लगने से हुए हादसे मेें जींद के गांव डाहौला के युवक की मौत हो गई। गांव डाहौला के रहने वाले रामनिवास ने बताया कि सोमवार को वह और उसका 24 वर्षीय बेटा मनजीत किसी काम से बस में कैथल आए थे। सुबह करीब सात बजे हनुमान वाटिका के पास छोटूराम चौक पर बस से उतरकर पैदल जा रहे थे। उसी समय गन्ने से लोड ट्रैक्टर ट्राली चालक तेज गति से आ रहा था। ट्रैक्टर चालक ने मनजीत को साइड मार दी। साइड लगने से मनजीत सड़क पर गिर गया और ट्राली का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया तो डॉक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
चंडीगढ़ जाते समय रास्ते में मनजीत ने दम तोड़ दिया। आरोपी ट्रैक्टर चालक की पहचान गांव सिरटा के जयपाल के रूप में हुई। सिविल लाईन थाना से एएसआई महासिंह ने बताया कि रामनिवास की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।