पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • दो दिन से लापता युवक की हत्या कर शव पुल के नीचे फेंका

दो दिन से लापता युवक की हत्या कर शव पुल के नीचे फेंका

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गांव धुंधरेहड़ी से लापता हुए 37 वर्षीय नरेश का शव सोमवार सुबह गांव के ही रजवाहे में पुल के नीचे पड़ा मिला। आरोप है कि गली की रंजिश के चलते नरेश की हत्या करके खुर्द बुर्द करने के लिए शव रजवाहे में फेंका गया। मृतक के चचेरे भाई ने गांव के ही 13 व्यक्तियों पर हत्या की आशंका जताते हुए केस दर्ज करवाया हैै।

गांव धुंधरेहड़ी के रहने वाले सुभाष शर्मा ने बताया कि उसका चचेरा भाई नरेश खेती करता था। शनिवार सुबह काम की बात कहकर नरेश घर से निकला था, लेकिन नहीं लौटा। सोमवार सुबह किसी का फोन आया कि रजवाहे में पुल के नीचे शव पड़ा हुआ है। शव पर कई जगह चोट के निशान थे। हाथों पर भी ऐसे निशान थे जैसे हाथों को बांधा गया हो। सुभाष ने बताया कि उन्होंने खुद की जमीन से गली में जगह छोड़ी हुई है। गांव में जगदीश का परिवार जबरदस्ती उस जमीन को प्रयोग करना चाहता है। करीब 15 दिन पहले आरोपियों ने गंडासियां उठाकर झगड़े का प्रयास किया। सुभाष का कहना है कि उसके चाचा की उन्हीं दिनों मौत हुई थी और शोक प्रकट करने रिश्तेदारियां आ रही थी, इसलिए आरोपियों द्वारा झगड़े का प्रयास करने के बाद भी वे कुछ नहीं बोले। नरेश ने आरोपियों की हरकत पर एतराज जताया था। शक है कि गली विवाद की रंजिश में ही आरोपियों ने नरेश की हत्या की है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर जगदीश, राहुल, गोपी, लक्खा, सियाराम, ईश्वर, होशियार, सतबीर, विनोद, कर्मबीर, बलजीत, राजकुमार व लाजपत के खिलाफ हत्या और शव खुर्द बुर्द करने का केस दर्ज कर लिया। मुनीष कुमार, एसएचओ थाना सदर

खबरें और भी हैं...